इस बार भव्यता से मनेगा रामजन्मोत्सव, लाइव होगा प्रसारण

punjabkesari.in Tuesday, Feb 25, 2020 - 12:10 PM (IST)

अयोध्याः भव्य राममंदिर निर्माण को लेकर देश भर में उत्साह चरम पर है। ऐसे में इस बार श्रीरामजन्मोत्सव भी भव्यता से मनाने की तैयारी चल रही है। जन्मोत्सव वर्षों बाद भव्य और दिव्य होगा। इस बार बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी भव्य-दिव्य जन्मोत्सव का साक्षी बनेंगे।

2अप्रैल को आयोजित होगा जन्मोत्सव
बता दें कि 2अप्रैल को आयोजित जन्मोत्सव में भजन-कीर्तन के रूप में संगीत की महफिल सजेगी। जो श्रद्धालु रामनगरी पहुंच नहीं पाएंगे, उनके लिए जन्मोत्सव का लाइव प्रसारण होगा। साथ ही रामनगरी के सार्वजनिक स्थलों पर लगी बड़ी स्क्रीन के जरिए भी लोग जन्मोत्सव के उल्लास में डूब जाएंगे।

प्रत्येक वर्ष मनता था जन्मोत्सव मगर गुम था उल्लास
प्रत्येक वर्ष चैत्र शुक्ल पक्ष की नवमी को अस्थाई मंदिर में विराजे रामलला का जन्मोत्सव मनाया जाता था, लेकिन उल्लास गुम था। कड़ी सुरक्षा और नियमों की बेडिय़ों के कारण चंद श्रद्धालु ही राम के प्रति अनुराग जाहिर कर पाते थे। दरअसल ढांचा ध्वंस के बाद अस्थाई मंदिर में विराजे रामलला का जन्मोत्सव प्रतीकात्मक होता था और अदालती आदेश तथा सुरक्षा संबंधी बंदिशों के चलते उत्सव में रामलला के पुजारी-सेवादार सहित गिनती के लोग ही शामिल हो पाते थे।

 

 

 

Ajay kumar