भाजपा ही बनवाएगी राम मंदिरः महेंद्र नाथ

punjabkesari.in Wednesday, Apr 10, 2019 - 11:18 AM (IST)

फैजाबादः भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडे ने कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए भाजपा की तरफ से पहल की गई है। राम मंदिर मामला सुप्रीम कोर्ट में है। कोर्ट के संकेत पर सरकार संकल्प बद्ध होकर पहल कर रही है। जल्दी सरकार इसका समाधान भी निकालेगी।

दरअसल, पांडे विजय लक्ष्य एवं साइबर योद्धा सम्मेलन में पहुंचे थे। यहां उन्होंने राम मंदिर पर बोलते हुए कहा कि सबसे पहले भाजपा ने ही पालम में 1989 में आयोजित कार्यकारिणी में प्रस्ताव पारित किया था। इस बार भी लोकसभा चुनाव के घोषणापत्र में भाजपा ने राम मंदिर निर्माण का खुला ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की सुलह की पहल पर सरकार गंभीर है और भाजपा ही अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण करवाएगी। साइबर सम्मेलन पर बोलते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के साइबर योद्धा साईबर मीडिया के माध्यम से जनमत निर्माण कर भाजपा के पक्ष में मददगार साबित होंगे।

अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए महेंद्र नाथ पांडे ने कहा कि नोएडा के गौ हत्या के आरोपी एखलाख को सहायता देकर अखिलेश यादव ने गौ हत्या को प्रोत्साहन दिया था। ऐसा करके अखिलेश यादव ने पाप किया था।

Tamanna Bhardwaj