विहिप के केंद्रीय मंत्री राजेंद्र सिंह बोले- राम मंदिर निर्माण का कार्य करीब 6 साल में पूरा होने की उम्मीद

punjabkesari.in Thursday, Aug 26, 2021 - 05:11 PM (IST)

सहारनपुर: विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) के केंद्रीय मंत्री राजेंद्र सिंह पंकज ने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम के मंदिर निर्माण का काम 24 घंटे जारी है और करीब छह साल में पूरा होने की उम्मीद है लेकिन उनकी कोशिश है कि गर्भगृह में तीन साल में रामलला की प्रतिमाएं विराजमान हो जाएं और श्रद्धालु उनके दर्शन कर सकें। अयोध्या में राम जन्म भूमि मंदिर के निर्माण कार्यों की देखरेख का काम कर रहे  पंकज ने बृहस्पतिवार को देवबंद के निकट अपने पैतृक गांव भायला खुर्द में विशेष बातचीत में यह बात कही। विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मंत्री और विहिप के शीर्ष नेता रहे अशोक सिंघल के साथ 30 साल काम करने वाले राजेंद्र सिंह पंकज ने कहा कि हमारी कोशिश यह है कि गर्भगृह में तीन साल में रामलला की प्रतिमाएं विराजमान हो जाएं और श्रद्धालु उनके दर्शन कर सकें। उन्होंने कहा कि अयोध्या में दो पालियों में 24 घंटे मंदिर निर्माण का कार्य चल रहा है। कोरोना संक्रमण के चलते दो साल बेकार हो गए ।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में जन्मभूमि स्थल पर नींव का प्लेटफार्म तैयार हो गया है। जिसका आकार 450 गुणा 300 फीट है। इसके ऊपर 40 फीट मोटी चट्टान बनाई जाएगी। जिसको 16 फीट मोटाई के जुनार के लाल पत्थरों से बनाया जाएगा और उसे ग्रेनाइट से बांधा जाएगा। इससे इसकी आयु बहुत लंबी हो जाएगी। उसके ऊपर 32 सीढि़यां बनाई जाएंगी। जिनसे चढ़कर दर्शानार्थी गर्भगृह तक पहुचेंगे। मंदिर निर्माण का कार्य करीब छह साल में पूरा होने की उम्मीद है और पूरा काम होने में करीब 10 वर्ष लग सकते हैं।      

पंकज ने कहा कि अयोध्या को विश्व में आध्यात्मिक नगरी के रूप में विशिष्ठ पहचान मिलेगी। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कृपसंकल्पित हैं। उन्होंने कहा कि श्री योगी ने चार साल के दौरान अयोध्या नगरी का कायाकल्प कर दिया है और अयोध्या बदल रही है। वहां विश्व स्तरीय सभी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। भारत के सभी प्रांतों के विश्राम गृह और भारत के मित्र राष्ट्रों के दूतावास भी अयोध्या में बनाए जाएंगे। करीब 100 करोड़ की लागत से अयोध्या के रेलवे स्टेशन का कायाकल्प और विस्तार होगा। अंतरराज्यीय बस अड्डा बनेगा। अयोध्या के चारों ओर रिंग रोड़ बनेगी। चौरासी कोस की आध्यात्मिक परिधि पर चार लेन की सड़क बनेगी। राम की पेड़ी का कायाकल्प होगा और यहां आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए 10 पांच सितारा होटल और रिजाट बनेंगे। बड़ी संख्या में धर्मशालाएं भी बनेंगी और 10 हजार लोगों के लिए आधुनिक रेन बसेरे बनेंगे। मेडिकल कालेज बनेगा। फैजाबाद-अयोध्या के बीच पांच किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर बनेगा।  

उन्होंने कहा कि अयोध्या में सीवर और सड़कों का निर्माण चल रहा है। उन्होंने कहा कि लम्बी कानूनी प्रक्रिया के बाद अयोध्या में रामजन्म भूमि स्थल पर भव्य मंदिर का निर्माण हो रहा है। मंदिर ट्रस्ट से जुड़े विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंपतराय के पर अयोध्या में जमीन खरीदने को लेकर विपक्षियों द्वारा लगाए गए आरोपों को श्री पंकज ने पूरी तरह से आधारहीन करार दिया। उन्होंने कहा कि चंपतराय की नीयत साफ है। उन्होंने जमीन खरीद में कोई अनियमितता नहीं बरती है। विपक्षी दलों को यह भय है कि भारतीय जनता पार्टी को चुनावों में मंदिर निर्माण और अयोध्या को विश्वविख्यात आध्यात्मिक नगरी के रूप में विकसित किए जाने का चुनाव में लाभ मिल सकता है, जिससे विपक्षी दल के नेता जानबूझ कर मंदिर निर्माण में लगे विहिप नेताओं पर अनर्गल आरोप लगा रहे हैं जिनमें कोई भी सच्चाई नहीं है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Recommended News

Related News

static