रामजन्मभूमि का मामला कोर्ट में, लेकिन अयोध्या के विकास का तो नहीं: केशव

punjabkesari.in Friday, Oct 20, 2017 - 11:05 AM (IST)

इलाहाबादः उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या दीवाली का त्यौहार मनाने अपने गृह क्षेत्र इलाहाबाद पहुंचे हैं। उन्होंने दीवाली के त्यौहार पर देश और प्रदेश वासियों को शुभकामनाएं दी हैं। केशव ने कहा कि यह दीवाली प्रदेश को विकास के पथ पर ले जाने वाली हो, मैं ऐसी कामना करता हूं।

राम जन्मभूमि सर्वोच्च न्यायालय में विचाराधीन
उन्होंने सर्किट हाऊस में क्षेत्र की जनता और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। साथ ही कहा कि राम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण का विवाद सर्वोच्च न्यायालय में विचाराधीन है, लेकिन अयोध्या के विकास का मामला न्यायालय के विचाराधीन नहीं है।

किसी के भी विरोध की परवाह नहीं करेगी सरकार 
अयोध्या के विकास के लिए, सरयू मैया के निर्मल प्रवाह के लिए, भगवान राम के संग्रहालय और राम सर्किट के निर्माण के लिए सरकार प्रयास कर रही है। केशव ने कहा कि अयोध्या के विकास के लिए सरकार अच्छे मन से कार्य कर रही है और किसी के भी विरोध की सरकार परवाह नहीं करेगी।

विकास कार्यों की हुई शुरुआत
केशव ने अयोध्या में आयोजित हुए दीपोत्सव कार्यक्रम को लेकर कहा कि अयोध्या में त्रेतायुग से दीपावली का पर्व मनाए जाने की परम्परा चली आ रही है। बीजेपी की सूबे में सरकार बनी है और अयोध्या में दीपोत्सव कार्यक्रम के साथ विकास कार्यों की भी शुरुआत हुई है।

सरयू आरती का किया शुभारम्भ 
इस मौके पर सरयू आरती का भी शुभारम्भ किया गया है और डिजिटल रामलीला भी दिखाई गई। उन्होंने कहा है कि दीपोत्सव के कार्यक्रम में सभी धर्मों के कलाकारों ने प्रभु राम की लीलाओं का मंचन भी किया है। डिप्टी सीएम ने संगठन के हर एक कार्यकर्ता और पूरे प्रयाग को अपना परिवार बताते हुए कहा है कि सभी लोगों के साथ मिलकर दीपावली का पर्व मनाएंगे।