इस बार नहीं मनेगी खुशियों वाली ईद? रामपुर जेल से आया Azam Khan का वो फरमान, जिसने बढ़ा दी सियासी हलचल

punjabkesari.in Sunday, Mar 15, 2026 - 02:35 PM (IST)

Rampur News: उत्तर प्रदेश की रामपुर जेल में बंद समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता मोहम्मद आजम खान ने मुस्लिम समुदाय से एक भावुक और बड़ी अपील की है। ईरान-इजरायल युद्ध के बीच ईरान के एक स्कूल पर हुए हमले और उसमें मासूम बच्चियों की मौत से दुखी आजम खान ने इस बार ईद के जश्न को सादगी से मनाने और विरोध दर्ज कराने को कहा है।

'काले कपड़े पहनें और खुशियों से बचें'
शनिवार को आजम खान से मिलने उनकी पत्नी डॉ. तंजीन फातिमा और सपा नेता यूसुफ मलिक जेल पहुंचे थे। मुलाकात के बाद यूसुफ मलिक ने आजम खान का संदेश मीडिया को साझा किया। आजम खान ने अपील की है कि मुस्लिम समाज के लोग ईद के दिन काले कपड़े पहनकर अपना विरोध दर्ज कराएं। जो लोग नए कपड़े नहीं पहनना चाहते, वे कम से कम हाथ पर काली पट्टी बांधें। ईरान में हुई मौतों के सम्मान में इस बार नए कपड़े बनवाने और फिजूलखर्ची से बचें।

ईरान के स्कूल पर हमले से आहत हैं आजम
आजम खान के मुताबिक, ईरान के मिनाब स्थित एक एलीमेंट्री स्कूल पर हुए अमेरिकी हमले में करीब 165 मासूम बच्चियों की जान चली गई। उन्होंने इसे पूरी इंसानियत के लिए दुखद बताया है। यूसुफ मलिक ने कहा कि आजम खान चाहते हैं कि मुस्लिम समाज इस वैश्विक दर्द को अपना समझे और ईद जैसे मुबारक मौके पर भी उन मासूमों के लिए अपनी संवेदना प्रकट करे।

अमेरिकी एयरस्ट्राइक और ट्रंप की आलोचना
गौरतलब है कि न्यूयॉर्क टाइम्स के खुलासे के बाद अमेरिका और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की दुनिया भर में आलोचना हो रही है। रिपोर्ट के अनुसार, 28 फरवरी को अमेरिका ने टॉमहॉक मिसाइल से स्कूल की बिल्डिंग को निशाना बनाया था। पुरानी खुफिया जानकारियों के आधार पर बिल्डिंग को पहले ही टारगेट लॉक किया गया था, जिसका वीडियो सामने आने के बाद भारी आक्रोश है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static