ईख के खेत में अर्द्धनग्न मिली थी रेप पीड़िता, आज हार गई जिंदगी की जंग

punjabkesari.in Sunday, Nov 26, 2017 - 10:34 AM (IST)

बुलंदशहरः उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में कोतवाली देहात के चोला क्षेत्र में अर्द्धनग्न एवं बेहोश हालत में मिली रेप पीड़िता की इलाज के दौरान मौत हो गई हैं। महिला की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। वहीं, पुलिस अधिकारियों की मानें तो पीड़ित महिला के ब्रेन का एक हिस्सा चोट की वजह से डेड हो गया था जिसका इलाज नोएडा के एक प्राइवेट अस्पताल में चल रहा था। इलाज के दौरान पीड़ित की देर रात मौत हो गई।

जानिए क्या है मामला 
15 नवम्बर को चोला क्षेत्र के गांव में रहने वाली एक महिला संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। अगले दिन सुबह यानी 16 नवंबर को महिला ईख के खेत में अर्धनग्न एवं बेहोश हालत में पड़ी मिली। महिला के गले को घोंटकर हत्या करने का प्रयास किया गया था। पुलिस ने रेप पीडिता को पहले जिला अस्पताल भर्ती कराया लेकिन हालत बिगड़ने पर नोएडा रेफर कर दिया गया। नोएडा में महिला को निजी अस्पताल में वेंटीलेटर पर रखा गया था। बता दें कि गुरुवार शाम से महिला की हालत अधिक बिगड़ गई। चिकित्सकों की जांच में महिला के सिर में गंभीर चोट होने का पता चला है।

रेप पीड़िता ने तोड़ा दम
पुलिस अधिकारी की मानें तो प्रारंभिक तौर पर चिकित्सकों द्वारा महिला के ब्रेन का एक हिस्सा डेड होने बताया गया था जिसका इलाज नोएडा के एक प्राइवेट अस्पताल में चल रहा था। इलाज के दौरान पीड़ित की देर रात मौत हो गई। रेप पीड़िता की मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, इस घटना में शामिल आरोपियों का पुलिस एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी पता नहीं लगा सकी है। एसपी देहात पीके तिवारी ने बताया कि खेतों में एक महिला अर्धनग्न एवं बेहोश हालत में मिली थी।

गला घोंट कर हत्या करने की आशंका
महिला के परिजनों की तहरीर पर 307, 376 आईपीसी की धारा में केस दर्ज कर लिया गया था। बताया कि महिला की हालत गम्भीर थी, गले पर निशान था। प्रथमदृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा था कि गला घोंटकर हत्या करने का प्रयास किया गया था। एसपी देहात ने बताया कि इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। नोएडा में ही पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही हैं। बताया कि पीएम रिपोर्ट और रेप पुष्टि के संबंध में स्लाइड बनाकर लखनऊ लैब भेजी गई है। दोनों रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी।

क्या कहती है पुलिस 
पुलिस महिला के होश में आने का इंतजार कर रही थी। बता दें कि महिला के बेहोश होने के कारण पुलिस बयान भी दर्ज नहीं कर सकी थी। महिला की मौत हो जाने के बाद पुलिस के हाथ अभी तक आरोपियों से कोसों दूर नजर आ रहे हैं। पुलिस अधिकारियों की मानें तो संदिग्धों की पहचान कर ली गई है तो आखिर ऐसी क्या वजह है कि एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी उनकी गिरफ्तारी कर अभी तक पूछताछ नहीं की गई। अब देखना यह होगा कि पुलिस रेप पीड़िता को न्याय दिला पाती है या नहीं?