कुंवारी मां बनी रेप पीड़िता, बेटे को दिया जन्म

punjabkesari.in Wednesday, Jan 23, 2019 - 01:05 PM (IST)

फर्रुखाबादः संसार में बच्चे का जन्म होने पर एक मां को बेतहाशा खुशी होती है, लेकेिन लोहिया अस्पताल में भर्ती यह प्रसूता बेटे को जनने के बाद आसुओं की झड़ी लगाए हुए हैं। क्योंकि वह बिन ब्याही मां बन गई है। वहीं जब अस्पताल में बच्चे के पिता का नाम दर्ज करने की बात आई तो अस्पताल परिसर में हंगामा हो गया।

दरअसल, मामला शमसाबाद थाना क्षेत्र का है। यहां की रहने वाली किशोरी के साथ अप्रैल में दुष्कर्म की घटना हुई थी। तीन माह पूर्व तबीयत खराब होने पर परिजनों ने चेकअप कराया तो गर्भवती होने का पता चला। किशोरी ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद परिजनों ने बसपा नेता के 46 वर्षीय भाई पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया गया। पीड़ित परिजनों ने बसपा नेता पर धमकी देने का आरोप लगाया था। पुलिस ने बसपा नेता के भाई को तो गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन बसपा नेता पुलिस की गिरफ्त से अभी दूर है।

इस बीच आरोपी किशोरी व उसके परिजनों को कई बार धमकी भी दे चुके हैं। प्रसव पीड़ा होने पर सपा महिला सभा की जिला अध्यक्ष सुलक्षणा सिंह ने महिला को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। किशोरी ने बेटे को जन्म दिया। अस्पताल में अभिलेखों में बच्चे के पिता का नाम लिखे जाने को लेकर पीड़िता के परिजनों और स्वास्थ्य कर्मियों में नोंक-झोंक हुई।

इस बारे में पीड़िता की मां ने बताया कि पिता के नाम के कॉलम में आरोपी का नाम लिखा जाना चाहिए, लेकिन स्वास्थ्य कर्मी पीड़िता के पिता का नाम लिख रहे हैं। जिस पर उन्होंने आपत्ति की। उन्होंने बताया कि उन्हें आरोपियों से धमकियां मिल रही हैं। इसके बावजूद अस्पताल में कोई सुरक्षा नहीं है। थाने से भेजी गई महिला कांस्टेबल रात से ही गायब है।



 

Tamanna Bhardwaj