महिलाओं की सुरक्षा के दावे फेल! नाबालिग के साथ घर में घुस कर रेप

punjabkesari.in Wednesday, Aug 01, 2018 - 12:17 PM (IST)

मुजफ्फरनगरः योगी सरकार महिला सुरक्षा के चाहे लाख दावे कर रही हो, लेकिन हकीकत में ये तमाम दावे खोखले साबित हो रहे हैं। ताजा मामला मुजफ्फरनगर का है। जहां एक नाबालिग लड़की के साथ गांव के ही युवक ने दुष्कर्म किया। पीड़िता के परिजनों ने थाने में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मामला चरथावल थाना के गांव कुल्हेड़ी का है। यहां की रहने वाली नाबालिग लड़की रविवार रात को छत पर सोई हुई थी। इस दौरान गांव के ही रहने वाले युवक ने लड़की के मुंह में कपड़ा ठूंसकर कर रेप किया। आरोपी के चंगुल से छूट कर लड़की परिजनों के पास पहुंची। उसने आपबीती परिजनों को बताई। जिसके बाद परिजन थाने पहुंचे। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

वही इस पुरे मामले में एसपी सिटी ओमवीर सिंह का कहना है कि कुल्हेड़ी गांव के एक व्यक्ति ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसकी बेटी के साथ रात में दुष्कर्म किया गया है। दुष्कर्म की धाराओं में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। 

Tamanna Bhardwaj