राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने शुरू की मुहिम, बताएगा क्या है CAB

punjabkesari.in Thursday, Dec 19, 2019 - 11:04 AM (IST)

प्रयागराजः देश भर में नागरिकता संशोधन बिल का भारी विरोध हो रहा है। धरना, प्रदर्शन के साथ-साथ राजनीति करने में मशगूल नेतागण भी पीछे नहीं हैं। ऐसे में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने देश की शांति व्यवस्था के मद्देनज़र एक अहम कदम उठाया है, साथ ही राष्ट्रहित में मेरा समर्थन नाम की मुहिम शुरू की है। जिसके तहत संघ बताएगा कि नागरिकता संशोधन बिल क्या है, यह किस पर लागू होगा। इसी से जुड़े तमाम सवालों के जवाब देने के लिए, संघ ने प्रयागराज में टोली का गठन भी किया है। शाखाओं में आ रहे स्वयंसेवकों को भी इस कानून के बारे में विस्तार से बताया जा रहा है।

राज्य सभा और लोकसभा से नागरिकता संशोधन कानून पास होने के बाद ही इसके विरोध में पूर्वोत्तर राज्यों से शुरू हुआ प्रदर्शन का असर प्रयागराज में भी दिखने लगा है। हालांकि अलीगढ़ और मऊ की तर्ज पर यहां कोई उग्र प्रदर्शन तो नहीं हुआ लेकिन तमाम संगठन अपने-अपने तरीके से विरोध जरूर दर्ज करवा रहे हैं।

इसे देखते हुए संघ के में स्वयंसेवकों ने राष्ट्रहित मेरा समर्थन नाम की मुहिम शुरू की है। संघ की टोली भी तमाम मोहल्लों में घूम-घूम कर इस कानून के बारे में जो भ्रांतियां फैली है उसे दूर करने का प्रयास कर रही है। शाखाओं में आ रहे स्वयंसेवकों से भी कहा जा रहा है कि वह इस नागरिकता संशोधन के बारे में लोगों को सही जानकारी दें।

सोशल मीडिया पर भी संघ ने मुहिम शुरू कर दी है। जिसके माध्यम से बताया जा रहा है कि यह कानून केवल उन हिंदुओं, सिख, जैन, बौद्ध, पारसी एवं ईसाईयों पर लागू होगा जो दिसंबर 2014 के पूर्व ही भारत में रह रहे हों तथा जो केवल पाकिस्तान, बंग्लादेश और अफग़ानिस्तान में धर्म के आधार पर प्रताड़ित किए गए हों।

संघ के विभाग प्रचारक श्रीकृष्ण ने बताया कि इस कानून को लेकर जो भ्रांतियां है, उसे संघ द्वारा दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।

उधर भाजपा सांसद विनोद सोनकर ने भी सोशल मीडिया में एक अपील जारी की है। चार पेज की इस अपील में सांसद ने इस कानून को लेकर जो भ्रांतियां है उसे दूर करने का प्रयास किया है।

 

 

Ajay kumar