रवि किशन बोले- UP में छुट्टियां मनाने आई हैं प्रियंका, अखिलेश घर में ही बनाएंगे सरकार

punjabkesari.in Friday, Mar 19, 2021 - 06:03 PM (IST)

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार का 4 साल का कार्यकाल पूरा हो गया है। इस पर गोरखपुर के सांसद रवि किशन ने कहा कि पिछली सरकारों ने उत्तर प्रदेश को बीमारू और भिखमंगा राज्य बना दिया था, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री मोदी के पद चिन्हों पर चलते हुए आज इसे अद्भुत प्रदेश में बदल दिया है। यूपी को सम्मानित प्रदेश बना दिया। आज उत्तर प्रदेश में रहने वालों को गर्व हो रहा है।

रवि किशन ने कहा कि उत्तर प्रदेश में इंडस्ट्री आ रही है। इस समय 80 फिल्मों की शूटिंग उत्तर प्रदेश में हो रही है। इसके पहले एक समय में एक साथ इतनी फिल्मों की शूटिंग कभी भी यूपी में नहीं हुई होंगी। प्रदेश आत्मनिर्भर भारत की ओर हैं। बेटियां बढ़ रही हैं। फ़र्टिलाइज़र बन रहा है। चीनी मिलें चल रही हैं, सड़कें बन रही हैं। इंटरनेशनल एयरपोर्ट बन रहे हैं। गोरखपुर में एम्स बन रहा है। विकास के बहुत काम हो रहे हैं। गोरखपुर कभी माफियाओं का जिला था। यहां पर गोलियां चलती थीं, पर अब यहां विकास हो रहा है। यहां चिड़ियाघर है, जहां पर फिल्मों की शूटिंग होती है।

बीजेपी सांसद ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सोच विकास वाली नहीं है। जबकि पीएम मोदी और सीएम योगी, जहां पर शिलान्यास करते हैं, उसका लोकार्पण भी करते हैं। उत्तर प्रदेश में प्रियंका गांधी के सक्रिय होने पर रवि किशन ने कहा कि प्रियंका यूपी में छुट्टियां मनाने आई हैं। जैसे राहुल जी आते हैं, वैसे ही यह भी छुट्टी पर आए हैं। अखिलेश यादव कि सरकार बनाने के बयान पर कहा कि वह अपने घर में सरकार बनाएंगे और मुख्यमंत्री योगी जी उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों में 350 सीटें जीतकर फिर से सरकार बनाएंगे। 


 

Content Writer

Tamanna Bhardwaj