सहारनपुर में एक लाख 633 मीट्रिक टन गेंहू की रिकॉर्ड खरीद, किसानों को किया भुगतान

punjabkesari.in Sunday, Jun 13, 2021 - 09:56 PM (IST)

सहारनपुरः गेंहू की खरीद, भुगतान और भंडारण के मामले में इस बार सहारनपुर जिला उत्तर प्रदेश में अव्वल रहा। एक अप्रैल से गेंहू खरीद सत्र की शुरूआत हुई थी। खरीद दो दिन और चलेगी। जिला खाद्य विपणन अधिकारी प्रिंस चौधरी ने रविवार को बताया कि एक लाख छह सौ 33 मीट्रिक टन गेंहू की खरीद 98 क्रय केंद्रों पर 30 हजार किसानों से की गई है। 25 हजार पांच सौ किसानों को भुगतान कर दिया गया। बाकी 15 फीसद भुगतान की प्रक्रिया जारी है।

उन्होंने बताया कि इस बार खुले बाजार में गेंहू का दाम सरकारी समर्थन मूल्य 1975 रूपए प्रति क्विंटल की तुलना में दो सौ-ढाई सौ रूपए कम है और शायद इसी कारण आवक भी बहुत कम है। कुछ खरीदार गांवों में जाकर किसानों से सीधे गेंहू खरीद रहे है।

जिला कृषि अधिकारी धीरज सिंह कहते है कि अबकी गेंहू की गुणवत्ता और उत्पादकता दोनो पिछले सालो से बेहतर है। पिछले वर्ष 40 क्विंटल प्रति हेक्टर उत्पादन था। इस बार 42 क्विंटल प्रति हेक्टर रहा। गेंहू की फसल कीट के प्रकोप और रोगों से भी बची रही। जिले में एक लाख 12 हजार हेक्टेयर में गेंहू की शानदार पैदावार हुई।        

प्रिंस चौधरी ने बताया कि पिछले वर्ष केवल 59 हजार 729 मीट्रिक टन की हुई थी गेेंहू की खरीद। वर्ष 2010-11 से तुलना करे तो सात गुणा ज्यादा खरीद हुई है। तब मात्र 15 हजार 158 मीट्रिक टन ही गेंहू खरीदा गया था। उन्होंने बताया कि खरीदा गया 98 फीसद गेंहू गोदामों में सुरक्षित रखवा दिया गया। उन्होंने बताया कि गेंहू की खरीद राज्य सरकार करती है और उसे फिर केंद्र सरकार की सुपुर्दगी में दे देती है। उनके गोदामों में गेंहू का भंडारण रहता है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के लिए राज्य सरकार केंद्रीय आवंटन के तहत इन्हीं गोदामों से गेंहू उठाती है। इससे गोदामों में पर्याप्त क्षमता रहती है। 

Content Writer

Tamanna Bhardwaj