कानून व्यवस्था के मुद्दे पर योगी सरकार के खिलाफ राज्यपाल से मिले सपाई, सौंपा ज्ञापन

punjabkesari.in Thursday, Jan 25, 2018 - 07:31 AM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था के मुद्दे को लेकर समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को राज्यपाल राम नाइक से मिला। इस दौरान प्रदेश में तमाम आपराधिक घटनाओं का जिक्र करते हुए प्रतिनिधिमंडल ने योगी सरकार के खिलाफ  ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन में लखनऊ में डकैती की घटनाओं के साथ ही प्रदेश के तमाम जिलों में हो रही आपराधिक घटनाओं का जिक्र किया। प्रतिनिधिमंडल में 6 विधायक शामिल थे। इनका नेतृत्व नेता विरोधी दल विधान परिषद अहमद हसन ने किया। उनके अलावा सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी भी प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहे।

बता दें कि समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पहले ही कानून व्यवस्था के मुद्दे पर योगी सरकार पर हमलावर हैं। लखनऊ में डकैती की घटना के बाद खुद अखिलेश यादव ने काकोरी का दौरा किया था। यहां उन्होंने योगी सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर  प्रदेश में डकैती, लूट, दुष्कर्म की घटनाएं रुकने का नाम ही नहीं ले रही हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पिछले 10 महीने की भाजपा सरकार में आम जनता दहशत का शिकार हो गई है। लचर शासन व्यवस्था की वजह से पुलिस प्रशासन की उदासीनता जग जाहिर हो गई है। मुख्यमंत्री सिर्फ एनकाऊंटर को समाधान मानते हैं जबकि अपराधी खुलेआम सरकार को चुनौती देते नजर आ रहे हैं।