आरक्षण खत्म कर देगी केंद्र सरकार: मायावती

punjabkesari.in Wednesday, Feb 08, 2017 - 08:54 AM (IST)

गाजियाबाद:बसपा सुप्रीमो मायावती ने गाजियाबाद में हुई जनसभा के दौरान भाजपा और सपा-कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार आरक्षण को खत्म कर देगी। वहीं भाजपा ने वादों का एक चौथाई फीसदी काम भी पूरा नहीं किया है। भाजपा शासित प्रदेशों में अल्पसंख्यकों के साथ अन्याय हो रहा है। वे आतंकवाद पर अल्पसंख्यकों पर शक करते हैं।

जनता भाजपा की नोटबंदी और सपा के जंगलराज से दुखी
मायावती ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा सरकार ने बसपा सरकार की योजनाओं का नाम बदलकर चलाई है। उन्होंने जनता से भाजपा के प्रलोभन में न आने की भी बात की। उन्होंने कहा कि बसपा की सरकार बनने पर सबसे पहले सपा के जंगलराज का सफाया किया जाएगा। सभी आपराधिक तत्वों को जेल में भेज दिया जाएगा ताकि फिर प्रदेश में हमारी बहन- बेटियां शाम और रात को भी आराम से आ -जा सकें। जनता भाजपा की नोटबंदी और सपा के जंगलराज से दुखी है।

बसपा सरकार आने पर व्यापारियों को प्रदान की जाएगी सुरक्षा
पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने सर्वे को लेकर मीडिया पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2007 में बसपा सर्वे में तीसरे नंबर की पार्टी दिखाई गई थी लेकिन जब सरकार आई तो पूर्ण बहुमत के साथ बसपा ने सरकार बनाई। उन्होंने आगे कहा कि हमारी सरकार आने पर प्रदेश में व्यापारियों को सुरक्षा प्रदान की जाएगी। इस समय रोजाना किसी न किसी व्यापारी की हत्या की जाती है।

UP Political News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें