उत्तर प्रदेश उपचुनाव जैसे परिणाम फिर नहीं आएंगे : राजनाथ

punjabkesari.in Saturday, Mar 17, 2018 - 07:25 PM (IST)

लखनऊः गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश लोकसभा उपचुनावों में अपनी हार से भाजपा ने सबक सीखा है और यह सुनिश्चित करने के लिए काम करेगी कि आगे इस तरह का परिणाम नहीं आए। 

दरअसल भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने न्यूज 18 राइजिंग इंडिया शिखर सम्मेलन में शिरकत की। यहां उन्होंने कहा कि ‘‘हो गया, आगे नहीं होगा। हमें पता चला कि ऐसा भी हो सकता है।’’ उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा खाली की गई लोकसभा सीट गोरखपुर और फूलपुर पर हाल में हुए उप चुनाव में भाजपा को समाजवादी पार्टी से हार का सामना करना पड़ा । 

उन्होंने बताया कि योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि ये परिणाम ‘‘सबक’’ हैं और उन्होंने सपा-बसपा गठबंधन को समझने में विफल रहने और अति आत्मविश्वास को इसके लिए जिम्मेदार बताया। वहीं राहुल गांधी के बारे में पूछने पर गृह मंत्री ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा सरकार पर हमला करने के बावजूद ‘‘केवल समय ही बताएगा कि किसके खिलाफ भारत उठ खड़ा हुआ है।’’      

सिंह ने कहा कि ‘‘वह हमारे विपक्ष के नेता हैं और वह बातें कहते रहेंगे। लेकिन केवल समय ही बताएगा कि देश किसके खिलाफ खड़ा हो रहा है।’’ यह पूछने पर कि अगर वह प्रधानमंत्री बनते हैं तो क्या करेंगे, इस पर सिंह ने कहा कि वह अति महत्वाकांक्षी व्यक्ति नहीं हैं, लेकिन अगर किसी को अवसर दिया जाता है तो उसे पूरा करना चाहिए। हमारे प्रधानमंत्री काफी सराहनीय काम कर रहे हैं।’’     

Punjab Kesari