खुलासा: सौतेली मां और पिता ने ही छात्रा की गला दबाकर की थी हत्या, केस दर्ज

punjabkesari.in Tuesday, Oct 13, 2020 - 02:55 PM (IST)

कुशीनगर: उत्तर प्रदेश में कुशीनगर के कुबेरस्थान क्षेत्र में छात्रा की हत्या के मामले में माता पिता समेत चार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। फागूपुर विशनपुरा गांव में बीते शनिवार को 17 वर्षीय इंटरमीडिएट की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से गला दबाकर छात्रा की हत्या की पुष्टि हुई है जिसके आधार पर मंगलवार को छात्रा के नाना की तहरीर पर पिता और सौतेली मां समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि फागूपुर विशुनपुरा निवासी अनिल सिंह की 17 वर्षीय पुत्री प्रियंका थाना क्षेत्र के ही महात्मा गांधी इंटरमीडिएट कॉलेज सखवनिया में 12 वीं की छात्रा थी। बीते शनिवार को प्रियंका कोचिंग पढऩे शिवपुर गई थी। 10 बजे के लगभग वापस घर आयी और 11 बजे के लगभग संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि प्रियंका के पिता की दो शादी है। पहली पत्नी की बेटी प्रियंका है। प्रियंका के उसके पिता और सौतेली मां से संबंध अच्छे नहीं थे। इसी वजह से प्रियंका अपनी मां के साथ अपने नाना के घर रहती थी। कभी कभार अपने पिता के पास भी आ जाया करती थी। शनिवार को जब प्रियंका शिवपुर से कोचिंग पढ़ कर घर पहुंची तो कुछ समय बाद ही उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

मौत की सूचना पर उसकी मां और मामा मौके पर पहुंचे और प्रियंका के पिता और परिजनों पर हत्या करने का आरोप लगाने लगे। छात्रा के मामा की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उमाशंकर ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर पिता और सौतेली मां समेत परिवार के चार लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया था। इस संबंध में थानाध्यक्ष कुबेरस्थान महेन्द्र चतुर्वेदी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साक्ष्यों के आधार पर जांच कर आगे की कार्रवाई होगी।
 

Ramanjot