खुलासा: गर्लफ़्रेंड से शादी की चाहत में युवक ने डॉक्टर का किया था अपहरण, गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Feb 05, 2021 - 03:56 PM (IST)

अलीगढ़: जिले की पुलिस ने डॉक्टर अपहरण मामले का आज खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में पांच अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि एक बदमाश मोहित चौधरी अपनी गर्लफ़्रेंड से शादी करना चाहता था। उसे रुपए की आवश्यकता थी। पैसों के इंतजाम के लिए मोहित ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर डॉक्टर शैलेंद्र को किडनैप किया था। उन्होंने बताया कि आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त की गई कार भी बरामद कर ली गई।

बता दें कि अलीगढ़ जिले के क्वार्सी थाना क्षेत्र के साक्षी नगर निवासी डॉक्टर शैलेंद्र सिंह का  बीते 28 जनवरी को बदमाशों ने अपहरण कर लिया था। वहीं उनकी पत्नी मीनू चौधरी से अपहरण के बाद 20 लाख फिरौती मांगी गई थी।  पीड़ित  ने मामले की शिकायत पुलिस से की थी। इस पर पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी। पुलिस के बढ़ते दबाव पर आरोपियों ने डॉक्टर को छोड़ कर मौके से फरार हो गए थे। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं पीड़ित की पत्नी ने इस कार्य के लिए पुलिस को धन्यवाद दिया है। साध की कहा यदि पुलिस समय रहते कार्रवाई नहीं करती तो कुछ भी अनहोनी हो सकती थी। 

Content Writer

Ramkesh