बढ़ती जनसंख्या का नियंत्रण बहुत जरुरी: रीता बहुगुणा जोशी

punjabkesari.in Thursday, Feb 28, 2019 - 12:56 PM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश की महिला कल्याण, परिवार कल्याण, मातृत्व और बाल कल्याण मंत्री प्रो. रीता बहुगुणा जोशी ने बढ़ती जनसंख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए उसे नियंत्रण करने पर बल दिया।

जोशी ने बुधवार को आयोजित राज्य स्तरीय शहरी परिवार कल्याण सम्मलेन के उद्घाटन के मौके अपने सम्बोधन में कहा कि भारत विश्व की तेजी से बढती आर्थिक शक्ति है लेकिन यदि हमारी जनसंख्या इसी तरह बढ़ती रही तो संसाधनों और जनसंख्या का तारतम्य बिठाना मुश्किल होगा। उन्होंने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण बहुत जरुरी है और आज परिवार नियोजन को भी मिशन की तरह लेने की आवश्यकता है।

सम्मेलन का आयोजन परिवार कल्याण विभाग और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन उत्तर प्रदेश द्वारा अपने तकनीकी सहयोगी कार्यक्रम, ‘‘द चैलेंज इनिशिएटिव फॉर हेल्दी सिटीज’’ के माध्यम से किया गया। उन्होंने कहा कि शहरीकरण आज के समय की सच्चाई है और जैसे जैसे शहरीकरण बढ़ता है वैसे वैसे शहरी मलिन बस्तियों की संख्या भी बढती है। प्रमाण बताते हैं कि शहरी गरीबों की आबादी की वृद्धि दर कुल जनसंख्या वृद्धि दर की कई गुना अधिक होती है। तेजी से बढ़ती मलिन बस्तियां और स्वास्थ्य जोखिम वाले समुदायों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना जन स्वास्थ्य कार्यक्रम के सामने बड़ी चुनौती है जिसके समाधान के लिए नए और विशिष्ट तरीके ढूंढने की आवश्यकता है।

इस अवसर पर मिशन निदेशक पंकज कुमार ने बताया कि प्रदेश का स्वास्थ्य विभाग अपने तकनीकी सहयोगी कार्यक्रम, ‘‘द चैलेंज इनिशिएटिव फॉर हेल्दी सिटीज’’ के साथ मिलकर प्रदेश के गरीब और वंचित समुदायों के लिए स्वास्थ्य और परिवार नियोजन सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए नयी रणनीतियों पर काम कर रहा है। इसके तहत 9 ऐसी प्रामाणिक गतिविधियों का चुनाव किया गया है, जो प्रत्येक शहरी गरीब तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में सहायक हैं।

इन गतिविधियों को कैसे क्रियान्वित किया जाए, इसके लिए 9 टूल्स को भी विकसित किया गया हैं। सम्मेलन में जोशी ने इसकी दिग्दर्शिका का अनावरण भी किया। कार्यक्रम में मिशन निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन उत्तर प्रदेश पंकज कुमार, महानिदेशक परिवार कल्याण डॉ. नीना गुप्ता एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों सहित करीब 200 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। सम्मलेन में हुये तकनीकी सत्रों में शहरी परिवार नियोजन पर व्यापक चर्चा हुयी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static