रालोद का BJP पर जोरदार हमला, कहा- चुनाव देख सरकार का देश प्रेम झलका

punjabkesari.in Tuesday, Mar 12, 2019 - 06:27 PM (IST)

लखनऊः राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के प्रदेश अध्यक्ष मसूद अहमद ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लोकसभा चुनाव में विकास के मुद्दे के बजाय राष्ट्रवाद का झूठा मुखौटा दिखाने का प्रयास कर रही है।  

अहमद ने मंगलवार को कहा कि भाजपा के जिन कर्णधारों ने देश को अपनी नीतियों के फलस्वरूप दस साल पीछे ढकेल दिया हो, वहीं लोग कूटवेश धारण करके राष्ट्रवादी बनने का असफल प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पांच साल तक सीमा पर धीरे धीरे करके हजारों लोग शहीद होते रहे और भाजपा के नेता विदेश भ्रमण के नाम पर देश का खजाना खाली करने में जुटे रहे। उन्होंने कहा कि चुनाव का समय नजदीक आता देख भाजपा ने राष्ट्रप्रेम का मुखौटा पहन लिया है। ताज्जुब है कि पांच साल तक ये देशभक्ति कहां सोती रही। वास्तविकता यह है कि 2014 के लोकसभा चुनाव में जिन घोषणाओं पर वोट ले करके सरकार बनाई उनमें से एक भी घोषणा पत्र अमल नहीं हो सका।  

अयोध्या के राम मन्दिर से लेकर निर्मल गंगा परियोजना के साथ साथ प्रतिवर्ष दो करोड़ नौकरियां और विदेशों में जमा कालाधन 100 दिन में वापस लाने और प्रत्येक नागरिक के खाते में 15-15 लाख भेजने के नारे और प्रलोभन धरे के धरे रह गए। चुनावी वर्ष में सपा-बसपा रालोद के गठबंधन से हार का रास्ता देखकर भाजपा ने राष्ट्रवाद की शरण लेना प्रारंभ किया है। उन्होंने दावा किया कि लोकसभा चुनाव में गठबंधन की अप्रत्याशित विजय होगी क्योंकि प्रदेश में पिछले चार उपचुनावों में गठबंधन ने भाजपा के बड़े-बड़े किले ध्वस्त कर दिए हैं।   

 

Ruby