14 फरवरी को होगा रालोद अध्यक्ष का चुनाव, सरकार की विफलता बताने घर-घर जाएंगे कार्यकर्ता

punjabkesari.in Thursday, Feb 02, 2023 - 08:25 PM (IST)

मेरठ: राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के अध्यक्ष का चुनाव आगामी 14 फरवरी को नयी दिल्ली में आयोजित अधिवेशन में किया जाएगा। रालोद के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी ने बृहस्पतिवार को यहां संवाददाताओं को बताया कि आगामी 14 फरवरी को दिल्ली में दल का राष्ट्रीय अधिवेशन होगा, जिसमें पार्टी के नये राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव भी कराया जाएगा।



चौधरी अजित सिंह के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में सप्ताह भर चलेगा कार्यक्रम
उन्होंने बताया कि इससे पहले 12 फरवरी को रालोद संस्थापक चौधरी अजित सिंह के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में सप्ताह भर चलाये जाने वाले कार्यक्रम के तहत पार्टी के कार्यकर्ता उत्तर प्रदेश सरकार की 'विफलताएं' बताने के लिये घर-घर जाएंगे। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम 19 फरवरी तक चलेगा। रालोद राष्ट्रीय महासचिव ने बताया कि इस कार्यक्रम की शुरुआत पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य जयंत चौधरी मथुरा जिले से करेंगे।



"सरकार की विफलता हजार, लोकदल चला जनता के द्वार"
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का नाम "सरकार की विफलता हजार, लोकदल चला जनता के द्वार" रखा गया है। त्यागी ने एक सवाल पर कहा कि अभी तक किसानों को पिछले वर्ष के गन्ना मूल्य का पूरा भुगतान नहीं हुआ है और चालू वर्ष में गन्ने का न्यूनतम समर्थन मूल्य भी अब तक घोषित नहीं किया गया है।

Content Writer

Ajay kumar