तेज रफ्तार बनी जानलेवा! लखनऊ में रोडवेज बस पलटी, 5 की मौत; चीख-पुकार से कांपा हाईवे
punjabkesari.in Friday, Sep 12, 2025 - 07:03 AM (IST)

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के काकोरी इलाके में गुरुवार को एक रोडवेज बस के अनियंत्रित होकर पलट जाने से 5 यात्रियों की मौत हो गई तथा 10 अन्य जख्मी हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है।
तेज रफ्तार बस टैंकर से टकरा खाई में गिरी, 5 की मौत, 10 घायल
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि काकोरी थाना क्षेत्र में गोला कुंआ के पास हरदोई से लखनऊ आ रही एक तेज रफ्तार रोडवेज बस सड़क निर्माण कार्य में लगे टैंकर से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में 5 लोगों की मौत हो गई तथा 10 अन्य घायल हो गए। पुलिस आयुक्त अमरेंद्र सिंह सेंगर ने इस बात की पुष्टि की है कि इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों का रेस्क्यू, CM ने जताया दुख और दिए इलाज के निर्देश
पुलिस ने बताया कि स्थानीय निवासियों की मदद से बचाव दल ने घायल यात्रियों को बाहर निकाला और उन्हें काकोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। स्थानीय निवासियों ने बताया कि घटनास्थल पर सड़क निर्माण कार्य चल रहा था और दुर्घटना के समय सड़क पर पानी का छिड़काव किया जा रहा था। मुख्यमंत्री ने इस दुर्घटना पर दुख जाहिर किया है। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों को अस्पताल में भर्ती कराकर उनका तत्काल उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।