बकरीद और रक्षाबंधन पर रोडवेज की तैयारी पूरी, यात्रियों का है इंतजार

punjabkesari.in Friday, Jul 31, 2020 - 12:20 PM (IST)

नोएडाः नोएडा बस डिपो में रक्षाबंधन और बकरीद त्योहारों को देखते हुए रोडवेज निगम ने यात्रियों की सुगम और सुरक्षित यात्रा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। यूपी रोडवेज ने त्योहारों को देखते हुए बसों के बेड़े को बढ़ाकर 112 कर दिया है। कोरोना महामारी को देखते हुए रोडवेज ने खास इंतजाम कर रखे हैं ।बसों का सैनिटाइजेशन, यात्रियों के लिए मास्क अनिवार्य, बसों में एंट्री के समय हैंड सैनिटाइजेशन सहित कई इंतजामात किए गए हैं।

ईद और रक्षाबंधन पर रोडवेज की तैयारी पूरी कर ली है। बसों के बेड़े को भी बढ़ाया गया है। नोएडा बस डिपो एआरएम लव कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि रक्षाबंधन और ईद के त्योहारों के मद्देनजर यूपी परिवहन निगम पूरी तैयारी कर चुका है। डिपो में 80 बसों का बेड़ा था, लेकिन त्योहारों को ध्यान में रखते हुए बसों के बेड़े को बढ़ाकर 112 कर दिया गया है।

संक्रमण को देखते हुए यूपी परिवहन निगम 3 महीनों से लगातार सैनिटाइजेशन का काम कर रहा और साथ ही चालक-परिचालक की काउंसलिंग भी की जाती है, जिससे सुरक्षित यात्रा मुहैया कराई जा सके। परिचालक के पास हैंड सेनीटाइजर मौजूद रहता है। यात्रियों के एंट्री देते वक्त उनके सैनिटाइज किया जाता है और यात्रियों के लिए मास्क अनिवार्य है।

मिली जानकारी के मुताबिक, लॉकडाउन के बाद से यूपी परिवहन निगम में राजस्व की कमी आई है। कोरोना काल से पहले रोजाना 20 से 22 लाख रुपए का राजस्व प्राप्त होता था, जो अब घटकर 8 से 10 लाख हो गया है। इसके पीछे की सबसे बड़ी वजह यात्रियों का सफर नहीं करना है। त्योहारों को देखकर बसों का बेड़ा बढ़ा दिया गया है, लेकिन यूपी परिवहन निगम को यात्रियों का भी इंतजार है। 


 

Tamanna Bhardwaj