यूपी में 500-1000 के लाखों रुपयों की मिली कतरन, मचा हड़कम्प

punjabkesari.in Sunday, Dec 04, 2016 - 01:39 PM (IST)

मेरठ: उत्तर प्रदेश में मेरठ जिले के परतापुर इलाके में सड़क किनारे लाखों रुपए की बारीक कतरन मिलने से हड़कंप मच गया। 500-1000 के इन नोटों को पेपर कटिंग मशीन से काटकर बारीक टुकड़ों में तब्दील किया गया है। बता दें कि नोटों की कतरन मिलने के बाद मेरठ जिले की डीएम बी.चंद्रकला ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार मामला मेरठ के परतापुर इलाके का है। जहां शनिवार सुबह इलाके में 500-1000 के नोटों की कतरन देख लोग हैरान रह गए। घटना का पता लगने पर मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। तुरंत इस बात सूचना पुलिस को  दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नोटों की कतरन को अपने कब्जे में लिया।

परतापुर निवासी सुमेर सिंह का कहना है कि उन्होंने सबसे पहले नोटों की कतरन देखी थी। उन्होंने कहा कि 500-1000 के नोटों को मशीन में डालकर इतना बारीक कर दिया गया है कि इन्हें देखकर यहा अंदाजा नहीं लगाया जा सकता कि ये नोटों की कतरन है। एसपी सिटी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि परतापुर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस मामले के खुलासे के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की वीडियो खंगाल रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

UP Hindi News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें