कांग्रेस की इतनी औकात नहीं, सिर्फ बीजेपी बना सकती है राम मंदिरः साध्वी प्राची

punjabkesari.in Monday, Jan 28, 2019 - 11:21 AM (IST)

लखनऊः विश्व हिन्दू परिषद की फायर ब्रांड नेत्री साध्वी प्राची ने कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी को बरसाती मेंढक बता डाला। इतना ही नहीं उन्होंने मोदी को शेर और विरोधियों को भेड़ का झुंड बताते हुए कहा कि विरोधी कितनी भी कोशिश कर लें, लेकिन वह मोदी को नहीं हरा पाएंगे।

उन्होंने कहा कि प्रियंका पहले भी राजनीति में थी। जब चुनाव आते हैं, तभी राजनीति में आती हैं। अब उनका महासचिव बनाया जाना कांग्रेस की मजबूरी है, क्यों कि मां-बेटे जमानत पर हैं, इसलिए कांग्रेस को कोई तो इस खानदान से चाहिए था, इसलिए प्रियंका को लेकर आए हैं। उन्होंने कहा कि प्रियंका का तो काला इतिहास देखा जाना चाहिए। इनकी दादी और पिता के शासन में घोटाले पर घोटाले हुए और इसके पति भी बड़े भू-माफिया हैं।

साध्वी प्राची ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर केवल बीजेपी बनाएगी। योगी और मोदी बनाएंगे। उन लोगों की कोई औकात नहीं जो शर्ट के ऊपर से जनेऊ धारण करके नकली हिंदू बनकर मंदिर-मंदिर घूम रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया है कि कोर्ट तारीख पर तारीख दे रहा है ऐसे में राममंदिर को भव्यता देने के लिए प्रयागराज में धर्म संसद में ठोस निर्णय लिया जाएगा। इसमें संत जो निर्णय लेंगे, उसके अनुसार ही काम होगा।

सपा-बसपा के गठबंधन पर साध्वी प्राची ने कहा है कि बीजेपी के सामने यह कोई चुनौती नहीं है। 1996 में मायावती को सबने देखा कि सपा के राष्ट्रीय महासचिव ने उन्हें आपत्तिजनक शब्द कहे थे। मायावती कहती थीं कि सपा कार्यकर्ता गुंडे है। अब सपा को वह क्या कहेंगी यह मायावती से ही पूछा जाना चाहिए।

बता दें कि साध्वी प्राची हाथरस शहर में राष्ट्रीय स्वाभिमान दल के संयोजक दीपक शर्मा के घर आई थीं और पत्रकारों से वार्ता कर रही थीं। इस दौरान उन्होंने मीडिया के साथ बातचीत करते हुए उक्त बातें कहीं।

Tamanna Bhardwaj