कंगना का ऑफिस तोड़ने पर भड़कीं साध्वी प्राची, महाराष्ट्र सरकार के खिलाफ उगला जहर

punjabkesari.in Friday, Sep 11, 2020 - 03:20 PM (IST)

बागपतः हिंदूवादी नेता साध्वी प्राची बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत के समर्थन में उतरी हैं। महाराष्ट्र सरकार की कड़ी निंदा करते हुए साध्वी प्राची ने कहा कि यदि महाराष्ट्र सरकार में दम है तो खान गैंग के अवैध निर्माण को ध्वस्त करके दिखाए। प्राची ने कहा कि सुशांत के लिए न्याय मांगने वाली कंगना रनौत आज पूरे देश में चर्चा का विषय बनी हुई है। 45 दिनों तक सुशांत केस में महाराष्ट्र में रिपोर्ट दर्ज नहीं हो पाई। वहीं पालघर के संतों को भी आज तक न्याय नहीं मिल पाया।

साध्वी प्राची ने कहा, 'बीएमसी की टीम एक घंटे का नोटिस देकर कंगना रनाौत के ऑफिस को ध्वस्त कर देती है।' वह महाराष्ट्र सरकार से पूछना चाहती है कि मुंबई की सड़कों पर 200 से ज्यादा मस्जिदें अवैध खड़ी हैं। खान गैंग की मुंबई में न जाने कितनी बिल्डिंग अवैध है। शिमला में मिसेज वाड्रा के बंगले की भी जांच होनी चाहिए। साफ लग रहा है कि महाराष्ट्र सरकार पालघर के संतों को इंसाफ नहीं दिला सकी।

इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि सुशांत मामले में भी महाराष्ट्र सरकार कोई प्रयास नहीं कर रही है। किसी न किसी शिखंडी को बचाने का प्रयास महाराष्ट्र सरकार कर रही है। वह मांग करती हैं कि महाराष्ट्र में राष्ट्रपति शासन लगाया जाएं। उन्होंने कहा कि आधी मुंबई अवैध निर्माण की चपेट में है। 

Tamanna Bhardwaj