आगरा में एक बार फिर कैंसिल हुआ सपना चौधरी का डांस शो, प्रशंसक मायूस

punjabkesari.in Sunday, Oct 21, 2018 - 11:26 AM (IST)

आगराः बिग बॉस फेम और हरियाणा की डांसर सपना चौधरी के डांस कार्यक्रम लगातार रद्द होने से समर्थकों को इन दिनों मायूसी का सामना करना पड़ रहा है। दरअसल, ताजनगरी आगरा में एक बार फिर सपना चौधरी का कार्यक्रम कैंसिल हो गया है। जिला प्रशासन ने इस प्रोग्राम के लिए अनुमति नहीं दी। इसकी जानकारी जैसे ही आयोजकों को हुई तो उनके होश उड़ गए।

जानकारी के मुताबिक आगरा कॉलेज मैदान पर  27 अक्तूबर को सपना चौधरी का कार्यक्रम प्रस्तावित था। यह कार्यक्रम जलवा संस्था की ओर से कराया जाना था। संस्था ने कई दिन पहले अपर जिलाधिकारी नगर केपी सिंह की अनुमति के लिए आवेदन किया था। एडीएम सिटी ने शनिवार को जलवा संस्था के आवेदन को खारिज कर दिया है। इस बार भी कानून एवं शांति व्यवस्था के आधार पर अनुमति नहीं दी गई है।

इससे पहले 15 अक्तूबर को आरोही संस्था की ओर से आगरा कॉलेज मैदान पर ही सपना चौधरी का कार्यक्रम होना था। इस कार्यक्रम को प्रशासन ने भी अनुमति दे दी थी। मगर, लखनऊ और इलाहाबाद में सपना चौधरी के कार्यक्रम को लेकर हुए विरोध के बाद प्रशासन ने यहां ऐन वक्त पर अनुमति निरस्त कर दी। 
 

Ruby