झोलाछाप डॉक्टर ने बीमार महिला को लगाया इंजेक्शन, मौत

punjabkesari.in Friday, Feb 09, 2018 - 11:31 AM (IST)

मथुराः उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं भगवान भरोसे हैं। जहां स्वास्थ्य विभाग की लापरवाहियों के चलते लोग झोलाछाप डॉक्टरों से इलाज कराने को मजबूर है। ताजा मामला मथुरा जिले का है। जहां एक 23 वर्षीय महिला की झोलाछाप डॉक्टर की वजह से जान चली गई। फिलहाल झोलाछाप फरार चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक घटना थाना फरह के गांव महुअन की है। यहां रेलवे कर्मचारी की पत्नी की को बुखार आने पर झोलाछाप डॉक्टर तेजपाल के यहां पर भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान झोलाछाप ने महिला को इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगने के तुरंत बाद महिला के मुंह से झाग व उल्टियां होने लगी। जिसके बाद झोलाछाप घबरा गया। वह महिला को आगरा के अस्पताल में ले आया। यहां महिला की मौत हो गई। महिला की मौत होते ही झोलाछाप वहां से फरार हो गया।

जिसके बाद परिजन महिला को लेकर वापस गांव आ गए। यहां परिजनों ने महिला का शव झोलाछाप की दुकान के सामने रख कर जमकर हंगामा किया। महिला के परिजनों ने आरोप लगाया कि महिला को गलत दवा देने के कारण महिला की मौत हुई है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ रिफाइनरी मौके पर पहुंचे और उन्होंने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि महिला विमलेश की गलत दवा के कारण मौत हो गई है, लेकिन परिजन जो भी तहरीर देंगे उसके हिसाब से कार्रवाई करेंगे।