सहारनपुर: पुलिस मुठभेड़ में घायल सहित 4 बदमाश गिरफ्तार

punjabkesari.in Sunday, Mar 11, 2018 - 10:43 AM (IST)

सहारनपुरः यूपी पुलिस इन दिनों 'ऑपरेशन क्लीन' के तहत बदमाशों के ताबड़तोड़ एनकाउंटर कर रही है। इसी कड़ी में सहारनपुर पुलिस ने देर रात एनकाउंटर करते हुए 4 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। जिसमें एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया है। 

दरअसल मामला सहारनपुर जिले के देवबंद और तितरो क्षेत्र का है। पुलिस अधीक्षक (देहात) विद्यासागर मिश्रा ने बताया कि देवबंद इलाके में देर रात साढ़े 10 बजे कोतवाली प्रभारी पकंज त्यागी के नेतृत्व में मोटरसाइकिल सवार 2 बदमाशों को घेर लिया। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर गोली चला दी जो कांस्टेबल चिराग को लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने से वह बच गया।

पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई जिससे विनय उर्फ भोगली नामक बदमाश घायल हो गया और उसका साथी भागने में सफल रहा। घायल बदमाश के पास से हथियार और मोटरसाइकिल बरामद की गई। घायल बदमाश को गिरफ्तार करने के बाद इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया। पुलिस उसके फरार साथी की तलाश कर रही है।  

उन्होंने बताया कि इसके अलावा तितरो इलाके में हुई पुलिस मुठभेड़ में 3 बदमाशों हुसैन, नोमान जिंदा को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से 2 तमंचे, एक प्रेशर गन, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की गई। इन बदमाशों के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। पुलिस को काफी समय से इनकी तलाश थी।