सहारनपुर बवाल मामला: 101 नामजद व 741 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज

punjabkesari.in Sunday, May 07, 2017 - 02:12 PM (IST)

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश में सहारनपुर के बडगांव क्षेत्र में गत शुक्रवार को हुए जातीय संघर्ष मामले में 101 उपद्रवियों को नामजद करते हुए 741 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस के अनुसार शब्बीरपुर गांव में हुए बवाल मामले में कुल 6 मुकदमें दर्ज किए गए है।

दलित पक्ष की तरफ से पूर्व प्रधान नरेश कुमार द्वारा लिखवाए गए मुकदमें में 40 को नामजद और 250 अज्ञात लोगों को शामिल किया गया है। एक पत्रकार की तरफ से लिखवाए गए मुकदमें में 2 नामजद और 20 अज्ञात शामिल हैं। एक मुकदमा हिंसा में मारे गए सुमित के पिता ब्रह्म पाल ने लिखवाया है जिनमें 5 लोग नामजद हैं।

शब्बीरपुर के अरविन्द ने दलित समाज के 6 लोगों को नामजद किया है। थानाध्यक्ष बडगांव की तरफ से 35 लोगों को नामजद किया गया है तथा सिपाही गौरव ने 13 लोगों को नामजद किया है। इस तरह कुल 101 नामजद और 741 अज्ञात लोगों पर मामला पंजीकृत हुआ है। इस मामले में अब तक 17 की गिरफ्तारी हो चुकी हैं।