गोवंश को ठंड से बचाने के लिये सहारनपुर जिला प्रशासन सख्त, संवंधित अधिकारियों को दिए ये निर्देश

punjabkesari.in Tuesday, Dec 13, 2022 - 04:13 PM (IST)

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिला प्रशासन ने गोवंश को शीतलहर के प्रभाव से बचाने के लिए पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को जारी किये है।  जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने गौ आश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंश को ठंड से बचाने हेतु मुख्य पशु चिकित्साधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गोवंश को ठंड से बचाने के लिए आश्रय स्थलों में शीत लहर के प्रभाव को रोकने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। शेड को जूट के बोरे, तिरपाल से ढका जाये। इसके लिए विभिन्न संस्थाओं के पास उपलब्ध अनुपयोगी बोरा, टाट आदि को गौ आश्रय स्थलों पर उपलब्ध कराकर प्रयोग में लाया जाए।

उन्होने कहा कि गोवंश को जूट के बोरे के झूल का उपयोग कराकर ठंड से बचाया जाए तथा अलाव की व्यवस्था की जाए। शीत ऋतु में संभावित वर्षा के द्दष्टिगत स्थल पर जल भराव न हो, गोवंश शेड जल भराव से प्रभावित न हो तथा स्थल पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था होना सुनिश्चित करें। वृद्ध, अशक्त व नवजात गोवंश पर विशेष ध्यान दिये जाने के साथ ही इनके लिए विशेष व्यवस्था कराई जाए। गोआश्रय स्थलों में बिछावन के लिये पराली, लकडी बुरादा, गन्ने की खोई का उपयोग किया जाए।

उन्होंने कहा कि रात के समय गोवंश खुले स्थान पर न रहे और दिन में गोवंश को पर्याप्त धूप में रखा जाए। आश्रय स्थलों की पर्याप्त साफ-सफाई सुनिश्चित करायी जाये और समय-समय पर बिछावन को बदला जाने के साथ ही साथ खाने एवं पीने के लिये चरही की साफ-सफाई की व्यवस्था की जाए। गोवंश आश्रय स्थलों पर पर्याप्त मात्रा में भूसा, पराली, हरा चारा, दाना इत्यादि के साथ-साथ गुड, पीने हेतु स्वच्छ, ताजे पानी की व्यवस्था की जाए। गोवंश की निगरानी, सुरक्षा हेतु चौकीदार अथवा केयर टेकर की व्यवस्था की जाए।

Content Writer

Ramkesh