मातम में बदली शादी की खुशियां, खौफनाक हादसे में दुल्हन सहित 4 की मौत (Pics)

punjabkesari.in Tuesday, Nov 24, 2015 - 12:44 PM (IST)

सहारनपुर(विशाल कश्यप) : सहारनपुर सरसावा दुल्हन के हाथ पर लगी मेहंदी अभी सूखी भी नहीं थी और वो अपने पीहर से पति के घर नई दुनिया के सपने संजोए विदा होकर निकली थी। लेकिन काल के क्रूर हाथों ने इस दुल्हन की दुनिया से ही अंतिम विदाई करा दी। ये दर्दनाक हादसा सहारनपुर के सरसावा में हुआ। नकुड़ रोड पर सोमवार की रात ट्रैक्टर ट्राली व इंडिका की जबरदस्त भिंडत में 6 वर्षीय मासूम समेत 3 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दुल्हा-दुल्हन समेत 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, वहीं दुल्हन सोनिया ने भी मौके पर दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार शामली के गांव ऊन के निवासी रविन्द्र की शादी थी। शादी में सभी लोग खुशियां मना रहे थे। लेकिन शाम होते ही उनकी सारी खुशियां मातम में बदल गई। बताया जा रहा है कि रविन्द्र अपनी दुल्हन व परिजनों के साथ इंडिका कार में सवार होकर घर आ रहा था कि अचानक रास्ते में उनकी एक ट्रैक्टर ट्राली से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।

इस हादसे में एक मासूम सहित 3 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया व दुल्हा-दुल्हन सहित 4 लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। हादसे के दौरान मौके पर पहुंची लोगों की भीड़ ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया व पुलिस को सूचना दी। अस्पताल में इलाज के दौरान दुल्हन की भी मौत हो गई। वहीं घटना को अंजाम देने के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।