सहारनपुरः पांवधोई नदी की सफाई के लिए उतरे विधायक और आयुक्त

punjabkesari.in Saturday, Jul 07, 2018 - 04:58 PM (IST)

सहारनपुरः उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पांवधोई नदी को पुनर्जीवित करने के लिए आयुक्त तथा विधायक तथा मेयर समेत कई लोग इसकी सफाई के लिए शनिवार को नदी में उतरे। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पांवधोई नदी को पुनर्जीवित करने के लिए आयुक्त चंद्रप्रकाश त्रिपाठी, विधायक, मेयर संजीव वालिया, भाजपा विधायक देवेंद्र निम, पूर्व विधायक महावीर राणा एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महानगर अध्यक्ष अमित गगनेजा समेत सभी वर्गों के सैकड़ों लोग शनिवार को बाबा लालदास बाड़ा घाट पर स्वच्छता अभियान की शुरूआत की।

सफाई कर्मियों के साथ गणमान्य लोगों ने भी नदी के पानी में उतरकर प्रतिकात्मक सफाई अभियान की शुरूआत की। सहारनपुर के मंडल आयुक्त चंद्रप्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में गत गुरूवार को हजारों लोगों ने नगर में जुलूस निकालकर पांवधोई नदी की सफाई के लिए जनजागररूता रैली निकाली। इस रैली में जिलाधिकारी अनूप पांडे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उपेन्द्र अग्रवाल, मेयर संजीव वालिया और स्कूल के बच्चे शामिल थे।   

रैली का मकसद लोगों को पांवधोई नदी के महत्व की जानकारी देने तथा उसकी स्वच्छता को बनाए रखने के लिए लोग अभियान से सीधे जुड़ सके। पांवधोई नदी का उद्गम स्थल देहात कोतवाली संकलापुरी गांव से है। नदी के उद्गम स्थल पर पानी स्वच्छ है। सहारनपुर शहर पहुंचने तक नदी का स्वरूप नाले में तब्दील हो जाता है। इस अभियान के संयोजक सहारनपुर के आयुक्त त्रिपाठी ने बताया कि अपने उद्गम स्थल पर नदी का पानी स्वच्छ और निर्मल है, लेकिन उसकी मात्रा वहां बहुत कम है। नदी बहुत सकरी हो गई है और उसमें अपना खुद का पानी नाममात्र का ही बचा रह गया है। 

शहर के बीच से जब यह नदी गुजरती है तो उसमें नाले, नालियों का पानी गिरता है जो उसे गंदे नाले के रूप में तबदील कर देता है।  पिछले दस वर्षों से इस नदी को उसके मूल स्वरूप में लौटाने के प्रशासनिक प्रयास हो रहे हैं। लेकिन अभी तक कुछ भी सफलता नहीं मिली है। आयुक्त को भरोसा है कि इस तरह से उनकी अपील पर 21 जून को सहारनपुर के लोगों ने विश्व योग दिवस समारोह में रिकार्ड संख्या में भाग लेकर नया कीर्तिमान बनाया। उसी भावना के साथ अब सहारनपुर के लोग और सामाजिक संगठन प्रशासनिक सहयोग से पांवधोई नदी को पुनर्जीवित करने मे सफल हो जाएंगे। 

Ruby