झंडारोहण कर बोले मुलायम सिंह- अन्याय के खिलाफ आज संकल्प लेने का दिन

punjabkesari.in Sunday, Jan 26, 2020 - 01:16 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गणतंत्र दिवस के मौके पर सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने समाजवादी पार्टी कार्यालय पर झंडारोहण किया। उसके बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा इस दिन के लिए हमारे बुजुर्गो ने कुर्बानी दी है। मुलायम सिंह यादव ने कहा कि पूरा देश अंग्रेजों के खिलाफ एक साथ खड़ा हुआ था। मुलायम ने कहा कि कहा जाता है कि अंग्रेज कभी देश से हटना नहीं चाहते थे। हमारे बुजुर्गों ने जान दे कर आज़ादी दिलवाई है। आज़ादी के बाद हमारी ज़िम्मेदारी और बढ़ गई है।

मुलायम सिंह यादव ने कहा कि हर किसी को उम्मीद थी कि आजादी मिलने के बाद हमारी तमाम समस्याएं खत्म हो जाएंगी। लोगों को रोजगार मिल जाएग। किसान खुशहाल हो जाएगा।  लेकिन ऐसा कुछ हुआ ही नही है।  नौजवान दर-दर भटक  रहा है। सपा संरक्षक ने कहा कि पूरी दुनिया के साथ हम कदम से कदम मिलाकर चल सकेंगे, लेकिन आज हालात बहुत अच्छे नहीं है। अभी हमे बहुत कुछ करने की ज़रूरत है।

मुलायम सिंह यादव ने कहा कि 26 जनवरी और 15 अगस्त का हमारे लिए विशेष महत्व का दिन है। ऐसा नहीं है कि इस दिन सिर्फ झंडारोहण करके अपनी ज़िम्मेदारी पूरी कर ली जाए। वास्तव में आज का दिन संकल्प का दिन है। वहीं उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को संकल्प लेना चाहिए कि हम अन्याय के खिलाफ लड़ेंगे, साथ ही गरीब जनता को उसका हक दिलाने के लिए हर हद तक जाएंगे। मुलायम ने कहा कि संकल्प लिए बिना यहां से कोई कार्यकर्ता नहीं जाएगा। सियासत करने वालों के लिए बिना संकल्पित जीवन बेकार है।

वहीं उन्होंने जिम्मेदार कार्यकर्ताओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि सूबे में जाकर गरीब, किसानों, नौजवानों, महिलाओं के खिलाफ जो अन्याय हो रहा है। उनके पक्ष में आवाज़ बुलंद करे,उनका हक दिलाए।

Tamanna Bhardwaj