अयोध्या में अब संत ही कराएंगे राम मंदिर का निर्माण: नरेंद्रानंद सरस्वती

punjabkesari.in Thursday, Dec 06, 2018 - 12:40 PM (IST)

अयोध्या: सुमेरू पीठाधीश्वर जगद्गुरू शंकराचार्य स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती ने भगवान श्रीराम के सम्मान में संतों को एकजुट होने का आहृवान करते हुए कहा कि अब अयोध्या में संत ही भव्य राम मंदिर का निर्माण कराएंगे। राम मंदिर निर्माण में आने वाली बाधाओं को दूर करने के लिए चल रहे 3 दिवसीय श्रीराम अश्वमेध महायज्ञ के समापन पर जानकी महल ट्रस्ट में आयोजित संत सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए स्वामी नरेन्द्रानन्द सरस्वती ने कहा कि रामराज्य की परिकल्पना तब तक साकार नहीं हो सकती जब तक जन्मभूमि पर मंदिर का निर्माण नहीं होगा। उन्होंने कहा कि हम किसी का कब्रिस्तान नहीं मांग रहे हैं। हमें आराध्य भगवान राम की जन्मस्थली चाहिए।

उन्होने कहा कि राम मंदिर निमार्ण के लिए संतों का एकजुट होना पड़ेगा। हम राम के अनुयायी हैं। अयोध्या में भव्य राम मंदिर नहीं बना तो अगले साल होने वाले चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वापसी नहीं होगी। इस देश में एक कानून तथा एक शिक्षा प्रणाली तथा एक शादी का कानून लागू होना चाहिए।

श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के अग्रणी नेताओं में शामिल आचार्य धर्मेन्द्र ने भी संत सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कहा कि भगवान राम के नाम पर शीर्ष तक पहुंचने वाली भाजपा आज हमें न्यायालय का रास्ता दिखा रही है। उन्होंने कहा कि श्रीराम के सम्मान में सभी संतों को एकजुट होना पड़ेगा। हमें रामभक्तों का साथ चाहिए। उन्होंने कहा कि बाबरी विध्वंस मामले में मुझे सीबीआई द्वारा अभियुक्त बनाया गया जो मेरे लिए भारत रत्न से बढ़कर सम्मान है। हमारी भारतमाता का स्वरूप अद्वितीय एवं अनुपम है। सब मिलकर भारतमाता को अखंड बनाएंगे।

Anil Kapoor