साक्षी महाराज ने की बसपा सुप्रीमो की तारीफ, कहा- मायावती हैं आयरन लेडी
punjabkesari.in Sunday, Feb 25, 2024 - 05:12 PM (IST)
उन्नाव: बीजेपी के फायर ब्रांड नेता उन्नाव सांसद साक्षी महाराज ने बसपा सुप्रीमो मायावती की जमकर तारीफ की है। उन्होंने मायावती को आयरन लेडी बताया है। मायावती की तारीफ करते हुए कहा कि इन सब (अन्य पार्टियों) से आयरन लेडी मायावती ठीक हैं। अपने समाज के लोगों के साथ एकजुटता के साथ खड़ी हैं।
साथ ही साक्षी महाराज ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी जमकर निशाना साधा है। उन्होंने वाराणसी की सड़कों पर युवाओं को नशेड़ी कहने वाले बयान पर कहा है कि राहुल गांधी को उपचार की आवश्यकता है। मोदी के खौफ के आगे राहुल गांधी मानसिक संतुलन खो बैठे हैं। उसी के कारण उल जलूल बातें करते हैं। राहुल गांधी ने सारी की सारी शालीनता को समाप्त कर दिया है। राहुल गांधी के भगवान ही मालिक है। भगवान शिव उनको सद्बुद्धि प्रदान करें। साक्षी महाराज अपने संसदीय क्षेत्र उन्नाव पहुंचे हैं।
उन्नाव में गर्दन खेड़ा बाईपास स्थित कार्यालय पर साक्षी महाराज ने मीडिया से बात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का भगवान ही मालिक है। भगवान शिव उनको सद्बुद्धि प्रदान करें। राहुल गांधी कब क्या कह देंगे, क्या पत्रकार को कह देंगे, क्या युवाओं को कह देंगे कब आलू से सोना निकाल देंगे, ये कोई नहीं जानता। देश में कांग्रेस की स्थिति धोबी का कुत्ता घर का न घाट का जैसी हो गई है। 60 साल तक सत्ता में रहने के बाद जैसे बिना पानी के मछली तड़पती वैसे बिना सत्ता के कांग्रेस तड़प रही है। हर नेता की जुबान पर इसी तरह के अनर्गल प्रलाप हैं। जनता सब जानती है। 2024 के चुनाव में कांग्रेस को सटीक जवाब देगी।