साक्षी मिश्रा का पति अजितेश गिरफ्तार, जानिए क्या है मामला

punjabkesari.in Saturday, May 30, 2020 - 11:37 AM (IST)

बरेलीः प्रेम विवाह कर सुर्खियों में आई बीजेपी विधायक की बेटी साक्षी मिश्रा के पति अजितेश को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दरअसल, अजितेश का गुंडई का वीडियो वायरल हुआ है, जिसके चलते पुसिल ने गंभीर धाराओं में उसपर मुकदमा दर्ज किया है। अजितेश पर आरोप है कि उसने अपने साथी के साथ एक युवक की महज इसलिए पिटाई कर दी कि उसने बाइक से उसकी एसयूवी को ओवरटेक किया था। ये भी आरोप है कि अजितेश ने पिटाई करके उसका मोबाइल छीन लिया, उसको जान से मारने की धमकी दी। तो वहीं अजितेश पूरे मामले के पीछे विधायक का हाथ होने का आरोप लगा रहा है। वह इसे साजिश कह रहा है।

इस बारे में पीड़ित दीपांशु का कहना है कि वह रात को मेडिकल से दवा लेकर अपने घर जा रहा था। इस बीच धीमी गति से जा रही एक्सयूवी गाड़ी को उसने ओवरटेक किया तो इतने में एक्सयूवी पर सवार अजितेश और वैभव गंगवार ने उसको रोक लिया। उन्होंने उसके साथ गाली-गलौच की और मारपीट की। आरोप है कि अजितेश उस समय शराब के नशे में था। पिटाई से दीपांशु के गंभीर चोट आई हैं। अजितेश की गुंडई मोबाइल में भी रिकॉर्ड हुई। वहीं, अजितेश खुद को बेकसूर बता रहा है।

शिकायतकर्ता ने प्रेमनगर थाना में अजितेश के खिलाफ तहरीर दी। जिसके आधार पर पुलिस ने अजितेश सहित 2 लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। इस बारे में प्रेमनगर इंस्पेक्टर बलबीर सिंह ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर अजितेश पर लूट, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आए दिन अजितेश की गुंडई के मामले आते रहते हैं। पुलिस में इसके खिलाफ और भी मामले दर्ज हैं।
 

Tamanna Bhardwaj