लोकतंत्र की रक्षा के लिए हमेशा तैयार रहतें है समाजवादी, आजादी की 75वीं सालगिरह पर बोले अखिलेश

punjabkesari.in Monday, Aug 15, 2022 - 09:39 PM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को कहा कि देश और लोकतंत्र की मजबूती के लिये समाजवादी हमेशा से काम करते रहे हैं और राष्ट्रीय त्योहारों में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेते हैं।

आजादी की 75वीं सालगिरह पर जनेश्वर मिश्र पार्क में ध्वजारोहण करने के बाद यादव ने कहा कि समाजवादियों ने हमेशा राष्ट्रीय त्योहारों को मनाया है। 15 अगस्त हो या 26 जनवरी हो, बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया है। देश और लोकतंत्र कैसे मजबूत हो जो हमें संविधान मिला उस संविधान पर देश कैसे चले उस पर समाजवादी लोग हमेशा काम करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत की आज़ादी को लेकर ना जाने कितने लोग शहीद हुए। लोगों ने अपनी जान तक न्योछावर कर दी। जहां आज 15 अगस्त की आज़ादी की खुशियां मना रहे हैं, वहीं उन शहीदों को भी हम याद करते हैं जिनकी कुर्बानी से हमें आज़ादी मिली।      

इस मौके पर बड़ी संख्या में पार्टी समर्थकों ने हिस्सा लिया। सपा अध्यक्ष इस दौरान बच्चों से मिले और उन्हे स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनायें दी।

Content Writer

Mamta Yadav