सपा के भालचंद थाम सकते हैं कांग्रेस का ‘हाथ’, चर्चाओं का बाजार गर्म

punjabkesari.in Wednesday, Apr 17, 2019 - 03:43 PM (IST)

संतकबीरनगरः उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद एवं समाजवादी पार्टी (सपा) के कद्दावर नेता भालचंद यादव जल्द ही कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। उन्हें संतकबीरनगर से कांग्रेस प्रत्याशी घोषित किए जाने की प्रबल संभावना है। 

संतकबीरनगर से वर्ष 1999 एवं 2004 में लगातार दो बार संसद सदस्य चुने गए भालचंद यादव की पहचान जिले में जन नेता के तौर पर है। वह 2009 तथा 2014 के लोकसभा चुनाव में भी सपा प्रत्याशी रहे हैं लेकिन दोनों बार वह दूसरे और तीसरे नंबर पर रहे। मौजूदा चुनाव में सपा नेतृत्व ने उन्हें उम्मीदवार बनाने का भरोसा दिया था, लेकिन सपा-बसपा गठबंधन में संतकबीरनगर लोकसभा सीट बसपा के खाते में चली गई।

बसपा ने संतकबीरनगर से पूर्व सांसद भीष्म शंकर उर्फ कुशल तिवारी को प्रभारी घोषित किया है। संतकबीरनगर लोकसभा सीट से बसपा के उम्मीदवार भी कुशल तिवारी हैं। जिसके बाद से पूर्व सपा सांसद भालचंद यादव खासा नाराज हैं। टिकट कटने के बाद भालचंद ने प्रेस वार्ता कर बसपा प्रत्याशी कुशल तिवारी पर 23 करोड़ रुपए में लोकसभा टिकट खरीदने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि अगर चुनाव लड़ूंगा तो जीतने के लिए, हारने के लिए नहीं। अब दो ही पार्टी बची हुई है, एक भारतीय जनता पार्टी, और दूसरी कांग्रेस।

Ruby