गुजरात में मिली जीट से उत्साहित सपा ने मध्य प्रदेश में फूंका बिगुल, सभी सीटों पर लड़ने की तैयारियों में जुटी

punjabkesari.in Saturday, Dec 24, 2022 - 07:58 PM (IST)

लखनऊः हाल ही में हुए गुजरात विधानसभा चुनाव में एक उम्मीदवार को मिली जीत से उत्साहित समाजवादी पार्टी ने एक कदम और आगे बढ़ाया है। अब समाजवादी पार्टी ने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव की सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का मन बना लिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

पूरी मजबूती से चुनाव लड़ेगी सपाः प्रदेशाध्यक्ष
मध्य प्रदेश के सीधी जिले में शनिवार को कार्यकर्ता सम्मेलन हुआ। मध्य प्रदेश सपा के अध्यक्ष रामायण पटेल ने कहा कि पार्टी पूरी मजबूती से चुनाव लड़कर तीसरा विकल्प बनकर भाजपा की नफरत की राजनीति को खत्म करेगी। भाजपा भाईचारा खत्म कर रही है। सिर्फ समाजवादी विचारधारा ही भाजपा की नफरत की राजनीति को खत्म कर सकती है। पूर्व मंत्री व्यास जी गौड़ ने कहा मध्य प्रदेश में दलित, पिछड़ों, आदिवासियों का हक छीना जा रहा है। गरीबों पर भाजपा सरकार अत्याचार कर रही है।

भाजपा की सरकार ने मध्य प्रदेश के विकास को रोक दियाः नेहा यादव
नेहा यादव ने कहा भाजपा की सरकार ने मध्य प्रदेश के विकास को रोक दिया है। शिक्षा के लिए सीधी में विश्वविद्यालय नहीं है। विश्व का सबसे बड़ा घोटाला व्यापम मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार में हुआ। समाजवादी विचारधारा समाज की अंतिम पंक्ति के अंतिम नागरिक तक समता और सम्पन्नता का संघर्ष है। आने वाले विधानसभा चुनाव में हम भाजपा को हटाने के लिए संकल्पित हैं।

गुजरात की कुटियाना सीट पर सपा ने दर्ज की जीत
गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी ने पहली बार गुजरात की एक सीट पर अपना झंडा लहराया। पोरबंदर जिले की कुटियाना सीट से सपा उम्मीदवार कांधलभाई सरमनभाई जडेजा ने यहां से भाजपा उम्मीदवार को 26000 से ज्यादा मतों के अंतर से हराया। कांधल जडेजा गुजरात में 'लेडी डॉन' के नाम से मशहूर संतोकबेन जडेजा के बेटे हैं। उन्होंने कुटियाना विधानसभा क्षेत्र से सपा के टिकट पर चुनाव लड़ा और विजयी हुए। जडेजा को कुल 60,163 मत मिले। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा उम्मीदवार ढेलिबेन मालदेभाई ओदेदारा को कुल 33,532 वोट मिले।

गुजरात माॉडल को पटखनी देगी सपाःअखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कहा कि हाल ही में मैनपुरी में हुये लोकसभा उपचुनाव में उनकी पार्टी को मिली जीत क्षेत्र में विकास के प्रति सपा की गंभीरता को दर्शाता है और मैनपुरी मॉडल ही 2024 के लोकसभा और 2027 के विधानसभा चुनाव में गुजरात माडल पर भारी पड़ेगा और सपा को बड़ी जीत दिलाएगा। पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती के अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुये श्री यादव ने मैनपुरी लोकसभा सीट पर मिली प्रचंड जीत पर आभार जताया।

Content Writer

Ajay kumar