Sambhal : अवैध मजार पर गरजा प्रशासन का बुलडोजर, JCB से हटाया गया निर्माण
punjabkesari.in Monday, Aug 31, 2026 - 07:55 PM (IST)
संभल: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में तहसील के नीमखेड़ा बजेड़ा गांव में चारागाह की भूमि पर बनी अवैध मजार को प्रशासन ने 'जेसीबी' (बुलडोजर) से हटवा दिया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान तीन थानों के पुलिसकर्मी और 'पीएसी' की एक 'प्लाटून' तैनात रही।
नायब तहसीलदार शुभम प्रताप सिंह ने पत्रकारों को बताया कि चूंकि यह जमीन संभल तहसील के अंतर्गत आती है, इसलिए तहसीलदार धीरेंद्र प्रताप सिंह ने उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता, 2006 की धारा 67 के तहत आदेश पारित किया । उन्होंने कहा कि खतौनी में यह जमीन चारागाह के रूप में दर्ज है और इस पर 70 वर्ग मीटर में मजार बनाकर अवैध कब्जा किया गया था।
सिंह ने बताया कि पुलिस प्रशासन के सहयोग से राजस्व टीम ने इसे कब्जा मुक्त कराया है। असमोली के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अमन सिंह ने बताया कि तहसीलदार के आदेश पर चारागाह की जमीन पर बने अवैध कब्जे को हटाने के लिए पुलिसबल तैनात किया गया था, ताकि कानून-व्यवस्था की कोई समस्या न हो। उन्होंने कहा कि मौके पर तीन थानों के पुलिसकर्मी मौजूद थे। नीमखेड़ा बजेड़ा गांव में चारागाह की भूमि पर 1.493 हेक्टेयर पर अवैध मजार बनी हुई थी।

