यूपी के सभी गर्ल्स और महिला होस्टलों में लगेंगी सैनेटरी नैपकिन वैंडिंग मशीनें

punjabkesari.in Wednesday, Jul 12, 2017 - 01:29 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के सभी यूनिवर्सिटी और डिग्री कॉलेज के गर्ल्स और महिला होस्टलों में जल्द ही सैनेटरी नैपकिन वैंडिंग मशीन और प्रयोग किए गए पैड्स के निस्तारण के लिए इन्शिनएटर लगाए जाएंगे।

इसका उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों में मासिक धर्म के समय स्वच्छता को लेकर जागरूकता फैलाना है। साथ ही यह स्वच्छ भारत मिशन को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ने वैंडिंग मशीन लगाने के लिए भारत सरकार की इकाई एच.एल.एल. लाइफकेयर लिमिटेड का नाम सुझाया है।

यू.जी.सी. से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि आमतौर पर देखा गया है कि सैनेटरी नैपकिन को सामाजिक निषेध के रूप में देखा जाता है जिसकी वजह से भारी संख्या में महिलाएं और लड़कियां इन्हें दुकान से खरीदने में हिचकिचाती हैं। इन वैंडिंग मशीनों से महिलाओं और किशोरियों को किसी भी समय सैनेटरी नैपकिन्स उपलब्ध होंगी। इसका उद्देश्य यह है कि महिलाओं और किशोरियों में सैनेटरी नैपकिन्स के प्रयोग को लेकर जागरूकता बढ़ाई जाए।