कई अपराधिक मामलों में वांछित चल रहा 25 हजार इनामी संजय गिरफ्तार

punjabkesari.in Monday, Jan 15, 2018 - 12:31 PM (IST)

फैजाबादः योगी सरकार अपराधियों की नकेल कसने के लिए कानून व्यवस्था को मजबूत करती नजर आ रही है। जिसका नतीजा ये है कि आए दिन पुलिस इनामी एंव वांछित चल रहे अपराधियोंं पर अपनी पकड़ मजबूत कर रही है। साथ ही अपराधियों की धर पकड़ भी तेज हो गई है। ताजा मामले के अनुसार पुलिस ने 25 हजार इनामी अपराधी संजय सिंह को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। संजय सिंह हिस्ट्रीशीटर है और इसपर गंभीर धाराओं में 19 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

आरोप है कि संजय सिंह ने पिछले दिनों फैजाबाद में अपने गैंग के सदस्यों के साथ मिलकर ठेकेदार अनंत बहादुर सिंह की हत्या करने के लिए रेकी की और उसके बाद अनंत बहादुर सिंह ठेकेदार की चार पहिया वाहन को रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग की। जिसके बाद पुलिस ने इसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। अब कैंट थाने की पुलिस ने 25 हजार के इनामी बदमाश संजय सिंह को गिरफ्तार करके राहत की सांस ली है।

इतना ही नहीं अपने गैंग के सदस्यों के साथ मिलकर फैजाबाद के ठेकेदार गोपेश अग्रवाल के मैनेजर से 2 लाख रूपए की गुंडा टैक्स वसूली करने का भी मामला सुर्खियों में था। जिसके बाद चमन गंज बाजार में जानलेवा हमला और फायरिंग के संबंध में भी मुकदमा दर्ज किया गया था।

फैज़ाबाद एसएसपी सुभाष सिंह बघेल के मुताबिक पुलिस ने इसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की थी। पुलिस को इसकी लंबे समय से तलाश थी। जिसके बाद आखिरकार पुलिस को कामयाबी मिली और अपराधी संजय सिंह पुलिस की गिरफ्त में आ गया।