शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा- यूपी चुनाव में भाजपा पर बढ़त बना रही समाजवादी पार्टी

punjabkesari.in Sunday, Feb 13, 2022 - 05:29 PM (IST)

मुंबई/लखनऊ: शिवसेना के राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने रविवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी (सपा) सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर बढ़त बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि गोवा ‘‘खिचड़ी'' की स्थिति का सामना कर रहा है, लेकिन कांग्रेस को 2012 से सत्तारूढ़ भाजपा पर बढ़त हासिल है। 

राउत ने कहा, ‘‘देवेंद्र फडणवीस (भाजपा के गोवा चुनाव प्रभारी) भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए सबकुछ कर रहे हैं, जो वह कर सकते हैं। हमारी शुभकामनाएं उनके साथ हैं क्योंकि वह महाराष्ट्र के नेता हैं। लेकिन वह जानते हैं कि गोवा में मौजूदा सत्ता भ्रष्ट और माफिया के पास है।'' उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत मनोहर पर्रिकर के बेटे उत्पल पर्रिकर को पणजी के लोगों से अच्छा समर्थन मिल रहा है। उल्लेखनीय है कि उत्पल को भाजपा ने टिकट नहीं दिया और उनकी जगह मौजूदा विधायक अतानासियो मोनसेरेट को चुना, जो 2019 में कांग्रेस से सत्ताधारी पार्टी में आए थे। राउत ने यह भी कहा कि महाराष्ट्र के मंत्री आदित्य ठाकरे उत्तर प्रदेश में शिवसेना उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे, जहां सत्तारूढ़ भाजपा और समाजवादी पार्टी मुख्य दावेदार हैं। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा की राहुल गांधी पर की गई विवादास्पद टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर राउत ने कहा कि पार्टी (कांग्रेस) ने उनके लिए बहुत कुछ किया लेकिन इसके बावजूद सरमा उसे निशाना बना रहे हैं। सरमा ने कहा था कि भाजपा ने कभी राहुल गांधी के पिता के बारे में सबूत नहीं मांगा, जिसकी व्यापक रूप से निंदा हुई। राउत ने कहा, ‘‘सरमा ने अपना पूरा जीवन कांग्रेस में बिताया है।

उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व के साथ काम किया है और पार्टी ने उन्हें वह बनाया है जो वह आज हैं। भाजपा ने उन्हें चुना क्योंकि उनका कद था। अब, वह उन्हीं नेताओं और पार्टी को निशाना बना रहे हैं जिसने उन्हें इस लायक बनाया।'' गोवा में 14 फरवरी को मतदान होगा। उत्तर प्रदेश और गोवा तथा अन्य तीन राज्यों के चुनाव परिणाम 10 मार्च को घोषित किए जाएंगे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Imran

Recommended News

Related News

static