जनसंख्या विधेयक लागू हुआ तो नहीं बच पाएंगे BJP के सांसद और MLA: संजय सिंह

punjabkesari.in Sunday, Jul 11, 2021 - 03:22 PM (IST)

हरदोईः नई जनसंख्या नीती पर आप आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सभी पार्टियां गठबंधन से चुनाव लड़ती हैं, लेकिन आम आदमी पार्टी का अभी गठबंधन का कोई फैसला नहीं है। राजनीति में सब से मुलाकात होती है। राजभर से मुलाकात हुई है, अखिलेश यादव से मुलाकात हुई और यूपी के हित में जो फैसला होगा हम लोग लेंगे।

संजय सिंह ने कहा कि सरकार किसी एक जाति धर्म की नहीं होती है। सरकार उत्तर प्रदेश की 24 करोड़ जनता की होनी चाहिए और प्रतिशोध से राजनीति नहीं होती है। उन्होंने कहा कि सबका साथ सबका विकास का नारा भारतीय जनता पार्टी का है। वह धरातल पर काम नहीं कर रही है। उन्होंने कहा एक जाति एक धर्म का हित होने से उत्तर प्रदेश का विकास नहीं होगा। 

उन्होंने कहा कि ​भाजपा क्या कर रही है यूपी की जनता देख रही है और आने वाले समय में जवाब देगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में घोटाले ही हुए हैं। तमाम घोटालों को उन्होंने बाहर किया है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी कुंभकरण की नींद सो रही है, लेकिन आने वाले समय में जनता उनको उनकी नींद से जगाएगी। संजय सिंह ने कहा कि ब्लॉक प्रमुख का चुनाव हो जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव हो, निष्पक्ष चुनाव नहीं हुआ है। कहीं अपहरण हुआ है कहीं गोली कांड हुए हैं। महिलाओं के कपड़े फाड़े जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश का लोकतंत्र योगी आदित्यनाथ की सरकार में तमंचा लोकतंत्र बन के रह गया है। 

संजय सिंह ने कहा भारतीय जनता पार्टी जिला पंचायत, ब्लॉक प्रमुख का चुनाव जनता से करा ले। जनता उनको उनके कर्मों का फल दे देगी। जनसंख्या पर पूछे गए पत्रकारों के सवाल पर आप नेता संजय कहा कि बच्चों की संख्या निश्चित कर देंगे तो नहीं बच पाएंगे बीजेपी के एक भी सांसद और विधायक। बता दें कि ​संजय सिंह हरदोई में सदस्यता अभियान की शुरुआत करने पहुंचे थे, इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए उक्त बातें कहीं।
 

Content Writer

Tamanna Bhardwaj