1978 से लंबित सरयू नहर परियोजना को 2019 तक पूरा किया जाएगा- सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह

punjabkesari.in Friday, Feb 23, 2018 - 04:50 PM (IST)

लखनऊः यूपी के सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह ने विभाग के काम-काज की जानकारी देने के लिए प्रेस कांफ्रेंस की। इसके साथ ही उन्होंने बजट में योजनाओं के लिए धन का विस्तृत ब्यौरा भी दिया। सिंचाई मंत्री ने बताया कि यूपी सरकार के बजट में यूपी के विकास के लिए बहुत कुछ है और इस बजट के साथ यूपी में विकास कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा।

सरयू नहर परियोजना को 2019 तक पूरा किया जाएगा
सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह ने बताया कि सिंचाई की 3 अहम परियोजनाओं को 2054 करोड़ रुपए के साथ पूरा किया जाना है। 1978 से लंबित सरयू नहर परियोजना को 2019 तक पूरा किया जाना है। बंद हो चुकी मध्य गंगा परियोजना को 2019 तक पूरा किया जाना है।

किसानों को 4 गुना मुआवजा दिया गया 
उन्होंने कहा कि सरयू नहर परियोजना में भूमि अधिग्रहण के लिए किसानों को 4 गुना मुआवजा दिया गया है। 6 जिलों में 6 नदियां चिन्हित की गईं हैं जिन पर 10 मार्च से काम किया जाएगा। नदियों को उनके स्वरूप में लाने का काम भी विभाग करेगा।गोमती, वरुणा, सई, अरैल, सोथ के साथ तमसा नदी को उनके उद्गम से पुनर्जीवित किया जाएगा।

गोमती नदी में भविष्य में रिवर एयरपोर्ट बनाया जाएगा
धर्मपाल सिंह ने कहा कि सरयू नाहर परियोजना 1978 से लम्बित है। जिसे अगले साल तक पूरा करने का लक्ष्य है। गंगा और गोमती नदी में भविष्य में रिवर एयरपोर्ट बनाया जाएगा। अब मुझे बहुत बदनाम विभाग मिला था लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ काम करते-करते काफी कुछ बदल चुका है। सिंचाई विभाग की 3604 हेक्टेयर भूमि पर कब्ज़ा था जिसमें से 1284 हेक्टेयर भूमि से कब्ज़ा हटवाया जा चुका है।

जिलों को विकास के मार्ग पर लेकर आएंगे
उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में जहां भी नदियों का दोहन होने का काम हो रहा है। उसको संरक्षित करेंगे। कुछ जिले हमने मॉडल के रूप में चयन किए हैं। जिनको हम विकास के मार्ग पर लेकर आएंगे जिसमें सबसे पहले बुंदेलखंड है। जहां पानी से लोग हर साल संघर्ष करते हैं उन्हें अब और परेशान नहीं होना पड़ेगा।