बस्ती में सरयू नदी खतरे के निशान से 48 सेंटीमीटर ऊपर, 16 हजार लोग कर रहे त्राहिमाम

punjabkesari.in Sunday, Aug 16, 2020 - 01:17 PM (IST)

बस्ती: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में सरयू नदी की बाढ़ से प्रभावित 16,000 से अधिक नागरिक परेशान हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में अनाज और पशुओं के चारे की समस्या पैदा हो गई है।

आधिकारिक सूत्रों ने आज यहां कहा कि सरयू नदी खतरे के निशान से 48 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। बाढ़ से जिले के हरैया तथा बस्ती तहसील के 50 गांव प्रभावित हैं इसमें से 25 गांव पानी में चारों ओर से गिरे हुए हैं। 15 हजार से अधिक जनसंख्या लगभग एक महीने से बाढ़ का सामना कर रही है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की खड़ी फसलें बर्बाद हो गई हैं। लोगों के घरों में रखा गया अनाज पानी में खराब हो गया है तथा पशुओं के चारे की समस्या पैदा हो गई है। जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में अनाज का राहत किट और पशुओं के चारे का वितरण कराया गया है।

बाढ़ से प्रभावित कल्याणपुर, भारतपुर, पड़ाव, कन्हैयापुर, नरसिंहपुर, बड़ागांव, बतावा, अहिल्या, जुगाड़ आए पकड़ी, संग्राम, बिलासपुर, भरपूर्वा, विष्णुदासपुर, शुभिका, बाबू, आराजी, डूबी देवरा, गंगवार माझा सहित अन्य गांव के लोग परेशान हैं।

जिला प्रशासन द्वारा पीड़ितों के सहायतार्थ के लिए 45 नाव लगाये गये हैं। स्वास्थ्य विभाग और राजस्व विभाग के अधिकारियों को बाढ़ क्षेत्र के नागरिकों को चिकित्सा सुविधा और राहत प्रदान करने का निर्देश दिया गया है। सरयू नदी का दबाव कलवारी, रामपुर, गौरा सैफाबाद, कटोरिया, चांदपुर, लालपुर और विक्रमजोत बांध पर निरंतर बना हुआ है। बाढ़ की निगरानी और सुरक्षा के लिए बाढ़ खंड के अधिकारी और कर्मचारी चौकसी बरत रहे हैं।

Edited By

Umakant yadav