मोदी के मंत्री सत्यपाल चौधरी का विवादित बयान, दलित नहीं आर्य जाति के थे हनुमान जी

punjabkesari.in Friday, Nov 30, 2018 - 09:46 AM (IST)

लखनऊ\अलवर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा अलवर जिले के मालाखेड़ा कस्बे में 2 दिन पहले एक सभा के दौरान हनुमान जी को दलित कहने को लेकर विवाद गर्माता जा रहा है। उत्तर प्रदेश से बागपत के सांसद और केंद्र में मंत्री सत्यपाल चौधरी ने कहा कि हनुमान जी आर्य थे।

केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री सत्यपाल चौधरी अलवर में पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भगवान राम और हनुमान के समय में न कोई वंचित है, न कोई दलित था, न कोई शोषित था। यह आधुनिक जमाने के शब्द हैं। उस वक्त कोई जाति व्यवस्था नहीं थी। सिर्फ वर्ण व्यवस्था थी।

उन्होंने कहा कि हनुमान जी आर्य थे क्योंकि भारत में आर्यवर्त ही थे। उन्हीं से ही भारत का नाम पड़ा, क्योंकि भारत का पहले नाम आर्यवर्त था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा दलित बताए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी ने किस परिपेक्ष्य में यह बात कही, वह इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते।

Anil Kapoor