हैवानियत; डांसर को तीन दिन तक बंधक बनाकर दुष्कर्म, आरोपियों ने देह व्यापार के लिए किया मजबूर

punjabkesari.in Monday, Oct 14, 2024 - 01:27 PM (IST)

Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा में गाजियाबाद की डांसर के साथ दरिंदगी की करने का एक मामला सामने आया है। यहां पर एक व्यक्ति ने उसे अपने फ्लैट पर तीन दिन तक बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। वो जिस इवेंट मैनेजर के भरोसे आगरा आई थी, वो ही हैवान निकला। उसकी पत्नी भी इस कृत्य में शामिल रही। डांसर ने इस मामले की जानकारी पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उन्हें जेल भेज दिया है।

'नशीला पदार्थ खिलाकर किया बेहोश'
बता दें कि आरोपी की पहचान विनय गुप्ता के रूप में हुई है जो पेशे से कार्यक्रम प्रबंधक है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने एक आयोजन के लिए उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद की मूल निवासी पीड़िता से आगरा में एक कार्यक्रम के लिए संपर्क किया था जो डांसर के तौर पर काम करती है। आठ अक्टूबर को गुप्ता पीड़िता को अपने घर ले गया, जहां उसकी पत्नी ने उसे नशीली पदार्थ मिली चाय पिलाई, जिसके बाद महिला बेहोश हो गई। पीड़िता ने पुलिस को बताया, ‘‘जब वह होश में आई तो उसने खुद को एक कमरे में बंधा हुआ पाया।''

'ज्यादा पैसे कमाने के लिए देह व्यापार करने को कहा'
पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि गुप्ता ने उसे तीन दिन तक बंधक बनाकर रखा और उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पीड़िता से ज्यादा पैसे कमाने के लिए देह व्यापार करने को कहा। पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि गुप्ता ने अन्य महिलाओं को भी देह व्यापार के लिए मजबूर किया है।

'किसी तरह आरोपी के घर से भागने में सफल हुई पीड़िता'
आगरा के सहायक पुलिस आयुक्त (ताज सुरक्षा और यातायात) सैयद अरीब अहमद ने बताया, ‘‘पीड़िता किसी तरह गुप्ता के घर से भागने में कामयाब हुई और ताजगंज पुलिस थाने पहुंची, जहां उसने शुक्रवार को एक शिकायत दर्ज कराई। उसकी शिकायत के आधार पर एक प्राथमिकी दर्ज की गई। आरोपी विनय गुप्ता और उसकी पत्नी को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। अहमद ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static