SCAM का सही मतलब होता है सेव कंट्री फ्राम अमित शाह एंड PM मोदी: अखिलेश

punjabkesari.in Monday, Feb 06, 2017 - 09:10 AM (IST)

कानपुर:समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधाते हुए कहा कि वह जनता को सपने दिखाते हैं और मैं हकीकत में काम करने पर विश्वास करता हूं। यादव और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने यहां जीआईसी मैदान पर संयुक्त रुप से चुनावी सभा को संबोधित किया। इस मौके पर यादव ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और मोदी पर जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने कहा कि मोदी जी कहते हैं कि स्कैम का मतलब समाजवादी पार्टी, कांग्रेस पार्टी अखिलेश एवं मायावती लेकिन मैं नरेंद्र मोदी को इसका सही मतलब बता देता हूं स्कैम का सही मतलब होता है सेव कंट्री फ्राम अमित शाह एंड मोदी है।

भाजपा के लोग सपना दिखाते हैं और जनता को बहकाते
यादव इतने पर ही नहीं रुके उन्होंने कहा कि इन दोनों से ही देश और उत्तर प्रदेश को बचाना है। उन्होंने कहा कि अरे मुझसे बुआ (मायावती) का रिश्ता क्यों जोड़ते हो बुआ (मायावती) तो आपके नजदीक हैं और उन्होंने कई बार भाजपा नेताओं के साथ रक्षाबंधन मनाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग सपना दिखाते हैं और जनता को बहकाते हैं इसलिए बहुत समझदारी से हमारी मदद आपको करनी है। उन्होंने जनता से कांग्रेस और सपा के प्रत्याशियों की मदद करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर उत्तर प्रदेश आगे बढ़ेगा तभी देश बढ़ेगा। प्रदेश की जनता का भरोसा है कि समाजवादी पार्टी ने काम किया है। मैं नहीं जानता कि किसी ने मेट्रो मांगी थी बिना मांगे मैंने कानपुर को दो मेट्रो देने का काम किया है। कानपुर में एक ही प्राणी उद्यान है और जल्द ही दूसरा बनकर तैयार हो जाएगा।

काला धन कितना है और कहां-कहां है
यादव ने कहा कि जिन्होंने अच्छे दिन की बात कही थी उन्होंने जनता को लाइन में लगा दिया और कम से कम वे लोग अब तो बता दें कि काला धन कितना है और कहां कहां है। उन्होंने कहा कि अच्छे दिन तो नहीं आए पर लाइन में खड़े-खड़े कितने लोगों की मृत्यु हो गई इसका जिम्मेदार कौन है। कम से कम समाजवादी पार्टी ने लाइन में लगे लोगों को दो-दो लाख रुपए देने की मदद की है लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने उन लोगों के परिजनों पर कोई ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि अगर हम बनारस, लखनऊ में नदी के किनारे रिवर फ्रंट बना सकते हैं तो कानपुर में भी बना सकते हैं और यहां लखनऊ से भी सुंदर रीवर फ्रंट बनाऊंगा। कानपुर का विकास करूंगा। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कभी कंजूस दोस्त से दोस्ती न करना। बहुत नुकसान होगा।

UP Latest News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें