स्कूल गर्ल्स को बंदूक चलाने की दी गई ट्रेनिंग, सिखाए गए आत्मरक्षा के गुण

punjabkesari.in Saturday, Oct 15, 2022 - 06:25 PM (IST)

हमीरपुर: यूपी के हमीरपुर जिले में पूर्व राष्ट्रपति अब्दुल कलाम के जन्मदिन के मौके पर सामाजिक संगठन का एक अनोखा पहल देखने को मिला। दरअसल, यहां कन्या जूनियर हाई स्कूल की छात्राओं को बंदूक रिवाल्वर चलाने की ट्रेनिंग देकर उन्हें आत्मरक्षा के गुण सिखाया गया। 

छात्राओं को बंदूक चलाना सिखाने की यह अनोखी पहल जिले के एक सामाजिक संगठन के सहयोग से स्कूल की टीचरों ने की। जिले में कुरारा ब्लॉक के कन्या जूनियर हाई स्कूल में कक्षा 1 से 8वीं तक की छात्राओं को बंदूक चलाना सिखाया गया। बंदूक चलाने की ट्रेनिंग के दौरान कई छात्राओं ने तो टारगेट पर सटीक निशाना लगाकर सभी को चौंका दिया। 
स्कूल की टीचर नीतू ने बताया कि पूर्व राष्ट्रपति अब्दुल कलाम साहब की जयंती के मौके पर नारी सशक्तिकारण अभियान के तहत छात्राओं को निशानेबाजी और आत्म रक्षा के प्रशिक्षण के साथ बंदूक चलाने की ट्रेनिंग दी जा रही है। उन्होंने आगे बताया कि जिले के सामाजिक संगठन समर्थ फाउंडेशन और एक्शन एड की तरफ से यह बंदूक चलाने की ट्रेनिंग दी जा रही है। साथ ही बताया जा रहा है कि बच्चियों को आत्मरक्षा करना क्यों जरूरी है।

इस कन्या विद्यालय के प्रबंधक अभिषेक शुक्ला ने बताया कि इस शूटिंग प्रतियोगिता में छात्रा कंचन, खुशी, कामिनी आदि ने पहले ही प्रयास में बंदूक से सटीक निशाना लगाकर इनाम जीते हैं।

Content Writer

Imran