चिलचिलाती धूप व लू ने बढ़ाई परेशानी, किया लोगों को घरों में बंद रहने पर मजबूर

punjabkesari.in Monday, Apr 03, 2017 - 02:23 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में चल रही लू से परेशान लोगों को घरों में बंद रहने पर मजबूर कर दिया है। अप्रैल के प्रथम सप्ताह में लोगों को मई-जून के महीने में चलने वाली लू का अहसास होने लगा है। लू के थपेड़ों से बचने के लिए दोपहर में लोग मुंह पर कपडा लपेटे नजर आ रहे हैं। दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा छाने लगा है। आसमान से आग बरसने लगी है। अब बाजारों में शाम को पांच बजे के बाद ही चहल-पहल नजर आ रही है।

मौसम विभाग के अनुसार लोगों को अभी एक दो दिन राहत मिलने वाली नही है। आने वाले 24 घंटे के दौरान मौसम में कोई तब्दीली का आसार नहीं है। मौसम की बेरूखी अभी और तीन दिन तक जारी रहेगी। प्रदेश का बांदा जिला सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 43. 6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड दर्ज किया गया। गोरखपुर, फैजाबाद मंडलो में तापमान के और अधिक वृद्धि के आसार हैं।

इसके अलावा वाराणसी, इलाहाबाद, लखनऊ, मुरादाबाद, झांसी, आगरा तथा मेरठ मंडलों में तापमान सामान्य से अधिक रिकार्ड दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 18. 3 डिग्री सेल्सियस फुर्सतगंज में रिकार्ड किया गया। विभाग के सूत्रों के अनुसार 4 अप्रैल से हवाओं का रूख बदलेगा और बंगाल की खाड़ी से आने वाली हवाओं से तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।